जयपुर, 03 जून 2026। राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के जयपुर स्थित कार्यालयों में आज स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य और सफल आयोजन किया गया। जीवनदीप एलआईसी भवन में आयोजित इस विशेष शिविर में निगम के 350 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्ट मेनपावर ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन निदेशक (तकनीकी) श्री संजय सनाढ्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कर्मचारियों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। साथ ही, अनुभवी आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। कर्मचारियों को न केवल आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं, बल्कि उन्हें केरला पद्धति की आयुर्वेदिक थेरेपी, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी किया गया।

राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक श्री देवेन्द्र श्रृंगी ने इस आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर आरजीएचएस संबद्ध एम्बियंस केरला आयुर्वेदिक अस्पताल, जयपुर के सहयोग से आयोजित किया गया था। सीएमडी श्री श्रृंगी ने भविष्य की कार्ययोजना स्पष्ट करते हुए कहा कि जयपुर कार्यालयों में इस शिविर की अपार सफलता के बाद अब निगम के सभी विद्युतगृहों में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक मेडिकल कैम्प आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वाले कर्मचारियों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम के सफल समापन पर नोडल अधिकारी एवं सहायक निदेशक (जनसम्पर्क) पवन शर्मा ने एम्बियंस केरला आयुर्वेदिक अस्पताल की निदेशक दीपा राजन, डॉ. मुकुल पवार, डॉ. मोनिका यादव और उनकी पंचकर्म एवं फिजियोथैरेपी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निगम के उप निदेशक (कार्मिक) श्री सुरेन्द्र व्यास और टीए श्री आर.पी. गुप्ता सहित सभी सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की। यह आयोजन निगम परिवार के लिए एक स्वस्थ कार्यसंस्कृति के निर्माण में एक मील का पत्थर साबित हुआ है।

Next Story