राजस्थान में खाद की कालाबाजारी पर सख्ती, सभी जिलों में लागू होगी एफएफएस व्यवस्था
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रबी बुवाई के लिए यूरिया व डीएपी की पारदर्शी आपूर्ति, डीलरों की रियल-टाइम निगरानी और सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और वरिष्ठ अधिकारी शासन सचिवालय में उर्वरक आपूर्ति की समीक्षा बैठक कर रहे हैं।
राजस्थान में रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सख्त करने के निर्देश दिए हैं। अनुदानित उर्वरकों की कालाबाजारी और औद्योगिक डायवर्जन रोकने के साथ ही वास्तविक किसानों तक खाद पहुंचाने के लिए डिजिटल निगरानी और पारदर्शी वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। बुधवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान रासायनिक उर्वरकों की मांग, आपूर्ति और जिलेवार उपलब्धता की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों और उर्वरक निर्माता कंपनियों को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में यूरिया और डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। बुवाई के दौरान किसानों को खाद के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और उर्वरक निर्माता कंपनियों को आपसी समन्वय से आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत सरकार की ओर से निर्धारित मासिक आवंटन के अनुरूप आपूर्ति नहीं करने वाली कंपनियों के आवंटन में कटौती की जाए। ऐसी कंपनियों का आवंटन बेहतर आपूर्ति करने वाली सक्षम कंपनियों को अंतरित करने के लिए कृषि विभाग केंद्र सरकार से समन्वय और पत्राचार करे।
बैठक की शुरुआत में कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल ने प्रदेश में रबी एवं खरीफ 2026-27 के दौरान रासायनिक उर्वरकों की मांग, आपूर्ति और उपलब्धता की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राज्य में यूरिया की आपूर्ति और उपलब्धता संतोषजनक है। खरीफ के दौरान निर्धारित आवंटन के मुकाबले 112 प्रतिशत आपूर्ति दर्ज की गई। प्रारंभिक स्टॉक और लगातार हो रही आवक के कारण वर्तमान में भी प्रदेश में 9.64 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है।
डीएपी की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद राज्य में आपूर्ति तंत्र लगातार सक्रिय रखा गया है। अधिकांश जिलों में 8 से 10 दिन का अग्रिम बफर स्टॉक सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने गत 6 अक्टूबर को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना, आवंटन के मुकाबले कम आपूर्ति करने वाली कंपनियों के संबंध में भारत सरकार से किए गए पत्राचार, एफएफएस पोर्टल के राज्यव्यापी क्रियान्वयन और यूरिया डायवर्जन रोकने के लिए पुलिस एवं राजस्व तंत्र के साथ की गई संयुक्त कार्रवाइयों की प्रगति की जानकारी भी दी।
उर्वरकों के अवैध डायवर्जन, भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रदेशभर में चलाए जा रहे अभियान की जानकारी कृषि आयुक्त श्री नरेश गोयल ने दी। उन्होंने बताया कि फर्टिलाइजर डीलर्स की रियल-टाइम ऑनलाइन मॉनिटरिंग के तहत अब तक 12 हजार 141 डीलर्स का सघन निरीक्षण किया गया है। अभियान के दौरान 193 नमूने लिए गए, 1 हजार 282 फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 64 प्रतिष्ठानों पर बिक्री रोक लगाई गई और 93 फर्मों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न पुलिस थानों में 31 एफआईआर दर्ज कर 12 हजार 375 उर्वरक बैग जब्त किए गए हैं। जब्त उर्वरकों में दौसा के बालाहेड़ा में हाल ही में पकड़ा गया अवैध डीईएफ यूरिया प्लांट भी शामिल है।
कृषि आयुक्त ने बताया कि कृषि उपयोग के यूरिया और औद्योगिक टेक्निकल ग्रेड यूरिया की कीमतों में व्यापक अंतर होने के कारण अनुदानित यूरिया को प्लाइवुड, रेजिन और पशुआहार उद्योगों में डायवर्ट किए जाने की आशंका रहती है। इस पर मुख्य सचिव श्री श्रीनिवास ने वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित औद्योगिक इकाइयों की ओर से खरीदे गए टेक्निकल ग्रेड यूरिया, उनकी उत्पादन क्षमता और इनवर्ड सप्लाई चेन से जुड़े वास्तविक आंकड़े नियमित रूप से कृषि विभाग को उपलब्ध कराए जाएं।
यूरिया और डीएपी पर अत्यधिक निर्भरता कम करने तथा मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव ने कृषि प्रसार तंत्र को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सिंगल सुपर फास्फेट, एनपीके और जैव उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। संतुलित पोषण प्रबंधन को बढ़ावा देने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ किसानों की उत्पादन लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
बैठक में वास्तविक काश्तकारों तक उर्वरक पहुंचाने के लिए एग्रीस्टैक आधारित 'फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स' यानी एफएफएस व्यवस्था के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। सिरोही और राजसमंद में सफल पायलट के बाद यह व्यवस्था प्रदेश के 18 जिलों में पुनः लागू की गई है। 30 नवंबर तक इसे प्रदेश के सभी जिलों में लागू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य सचिव श्रीनिवास ने इस डिजिटल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि फार्मर आईडी आधारित बुकिंग से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे किसानों को अनावश्यक कतारों से राहत मिलेगी और कालाबाजारी तथा टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
खाद की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव ने सहकारी वितरण तंत्र को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के सबसे नजदीकी और विश्वसनीय वितरण केंद्र के रूप में सहकारिता विभाग के तंत्र को मजबूत किया जाए। ग्राम सेवा सहकारी समितियों और केवीएसएस को उनकी मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे रैक प्वाइंट्स पर खाद पहुंचते ही स्थानीय नोडल अधिकारियों और राजफैड के माध्यम से समितियों की मांग तथा उनके खातों में उपलब्ध राशि का पहले से आकलन किया जाए। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर उर्वरकों का आवंटन किया जाए, ताकि दूरदराज के किसानों को गांव स्तर पर ही यूरिया और डीएपी आसानी से मिल सके।
मुख्य सचिव ने सहकारिता विभाग की उन समितियों की तकनीकी समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने को कहा, जहां पीओएस मशीनों अथवा आईडी एक्टिवेशन में दिक्कतें आ रही हैं। इसके लिए कृषि विभाग और उर्वरक कंपनियों के साथ समन्वय कर मशीनों एवं आईडी को जल्द क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए, ताकि समितियों के माध्यम से खाद का वितरण पारदर्शी और निर्बाध बना रहे।
बैठक में सहकारिता विभाग के शासन सचिव श्री समित शर्मा, वाणिज्यिक कर विभाग तथा इफको, कृभको, आईपीएल, सीएफसीएल और एनएफएल सहित प्रमुख उर्वरक निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में तय किए गए निर्देशों के तहत राज्य में खाद की उपलब्धता, कंपनियों की आपूर्ति, अनुदानित उर्वरकों के उपयोग और वितरण प्रक्रिया की निगरानी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

