मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर जनकल्याण की नई मिसाल बनते जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ लोगों को उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से आमजन को राहत मिली है।

राज्य सरकार के अनुसार 12 जून से 13 जुलाई के बीच प्रदेशभर में 7 हजार 701 शहरी सेवा शिविर आयोजित किए गए। इस अवधि में 38 हजार 494 पट्टे, 12 हजार 163 नाम हस्तांतरण तथा 6 हजार 811 भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। इसके साथ ही शिविरों में 91 हजार 599 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा 5 हजार 644 ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी किए गए।

शहरी क्षेत्रों में जलभराव और कचरे की समस्या के समाधान के लिए 25 हजार 448 कचरा संभावित केंद्र समाप्त किए गए, जबकि 2 हजार 517 नए सीवर कनेक्शन भी स्वीकृत किए गए। शहरों की आंतरिक सड़कों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए 19 हजार 978 नई स्ट्रीट लाइट लगाई गईं और 62 हजार 42 स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया। शिविरों के दौरान 38 हजार 381 विद्युत कनेक्शन जारी किए गए। इसके अलावा पालनहार योजना में 11 हजार 132 बच्चों का नव सत्यापन किया गया तथा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 17 हजार 354 आवेदन प्राप्त कर छोटे कारोबारों के लिए ऋण स्वीकृतियां जारी की गईं।

राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। शहरी सेवा शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वे लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं और सेवाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक भी ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिविरों के माध्यम से आमजन को त्वरित राहत मिले तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे। राज्य सरकार का विजन अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास तथा जनकल्याण के नए आयामों की ओर अग्रसर हो रहा है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story