राजस्थान के विश्वविद्यालयों को ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मॉडल से जोड़ने की पहल, आदिवासी संस्कृति संरक्षण पर भी होगा काम
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और ऑस्ट्रेलिया के राजनयिक पॉल मर्फी की बैठक में राजस्थान के विश्वविद्यालयों, कृषि नवाचार और आदिवासी संस्कृति संरक्षण को लेकर अहम योजनाओं पर चर्चा हुई, जल्द शुरू होंगे शैक्षिक संवाद और सहयोग।

तस्वीर में बाईं ओर ऑस्ट्रेलियाई राजनयिक पॉल मर्फी और दाईं ओर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे पुष्पगुच्छ के साथ दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर, 14 जुलाई। राजस्थान के विश्वविद्यालयों में ऑस्ट्रेलिया के सफल शैक्षिक प्रयोगों और नवाचारों के आदान-प्रदान की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे से मंगलवार को लोकभवन में ऑस्ट्रेलिया के उच्च-स्तरीय राजनयिक पॉल मर्फी ने मुलाकात की। इस दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देने के साथ राजस्थान में उच्च शिक्षा, आदिवासी संस्कृति संरक्षण और कृषि क्षेत्र में नवाचारों को लेकर विशेष चर्चा हुई।
लोकभवन में आयोजित अनौपचारिक बैठक में राज्यपाल श्री बागडे ने उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया के सफल नवाचारों, आदिवासी संस्कृति संरक्षण और शुष्क क्षेत्रों में कम पानी में अधिक पैदावार से जुड़ी कृषि पद्धतियों से राजस्थान को लाभान्वित किए जाने का आह्वान किया।
राज्यपाल श्री बागडे की पहल पर ऑस्ट्रेलिया के उच्च शैक्षिक कार्यक्रमों को राजस्थान के विश्वविद्यालयों से जोड़ने की संभावनाओं पर कार्य करने को लेकर श्री पॉल मर्फी ने सहमति जताई। बैठक में तय किया गया कि आने वाले दिनों में राजस्थान स्थित विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं और ऑस्ट्रेलिया के शिक्षाविदों एवं कुलपतियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद और चर्चा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही अन्य शैक्षिक एक्सचेंज कार्यक्रमों और गतिविधियों की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।
बैठक के दौरान श्री पॉल मर्फी ने राज्यपाल श्री बागडे को ऑस्ट्रेलिया में कम पानी और शुष्क वातावरण में कृषि से जुड़ी पद्धतियों के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल श्री बागडे ने आग्रह किया कि ऐसी कृषि तकनीकों और पद्धतियों से राजस्थान को भी लाभान्वित किया जाए।
राजस्थान की आदिवासी धरोहर के संरक्षण को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलिया के उच्चस्तरीय राजनयिक एवं वाणिज्यिक महादूत पॉल मर्फी ने ऑस्ट्रेलियाई आदिवासी एबोरिजिनल ओरिजिन पीपल इन ऑस्ट्रेलिया और राजस्थान के आदिवासी लोगों की संस्कृति से संबंधित धरोहर संरक्षण के लिए कार्य करने पर सहमति जताई।
इस संबंध में ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल अगले एक—दो माह में उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र का भ्रमण करेगा और भविष्य में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर विचार करेगा।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री बागडे जब महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष थे, तब उनका ऑस्ट्रेलिया जाना हुआ था। उस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में सिविक सेंस, सड़क यातायात, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें भारत के लिए भी उपयोगी बताया था। इसी क्रम में ऑस्ट्रेलिया के उच्च स्तरीय राजनयिक ने राजस्थान में भी इन क्षेत्रों में कार्य करने की भविष्य की संभावनाओं पर सहमति जताई है।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कृषि से जुड़े कार्यों के बारे में चर्चा की। सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा और ऑस्ट्रेलिया महावाणिज्यदूत के सहायक श्री नजीन लूथ भी इस दौरान उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
