राजस्थान में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी है। वीआईपी संस्कृति की आड़ में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत अवैध ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनधिकृत हूटर और लाल-नीली बत्तियों सहित विभिन्न उल्लंघनों पर कड़ा शिकंजा कसा गया है।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के बाद शुरू हुए इस विशेष अभियान की निगरानी महानिदेशक पुलिस (यातायात) श्री अनिल पालीवाल तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा कर रहे हैं। उनके निर्देशन में जिला पुलिस और यातायात इकाइयों द्वारा राज्यभर में लगातार सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान 4 जून से 18 जून 2026 तक महज 15 दिनों में कुल 1 लाख 24 हजार 384 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई। सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर लगाई गई अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ हुई, जिसमें 46 हजार 958 चालान किए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिह्न के 31 हजार 961 मामलों, वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 17 हजार 209 मामलों, वाहन बॉडी एवं चेसिस में अवैध संशोधन के 12 हजार 232 मामलों, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर के 9 हजार 271 मामलों तथा प्रेशर और एयर हॉर्न के 6 हजार 753 मामलों में कार्रवाई की गई।

गुरुवार को भी अभियान का प्रभाव साफ दिखाई दिया, जब एक ही दिन में प्रदेशभर में 7 हजार 447 वाहनों के खिलाफ चालान और प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इनमें 2 हजार 577 वाहनों से अवैध ब्लैक फिल्म हटाई गई, जबकि 1 हजार 813 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1 हजार 173 मामलों में अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 849 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 603 मामलों में अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 432 मामलों में प्रेशर और एयर हॉर्न के उपयोग पर कार्रवाई दर्ज की गई।

जिलावार आंकड़ों में दौसा सबसे आगे रहा, जहां एक दिन में 553 कार्रवाई दर्ज की गईं। इसके बाद जयपुर पश्चिम में 534, अजमेर में 492, जयपुर यातायात में 369, जयपुर ग्रामीण में 353, चित्तौड़गढ़ में 347 तथा बांसवाड़ा में 303 मामलों में कार्रवाई की गई। अन्य जिलों में भी विशेष अभियान के तहत व्यापक स्तर पर प्रवर्तन कार्यवाही जारी रही।

महानिदेशक पुलिस (यातायात) श्री अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा राज्य पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे वाहनों में अवैध संशोधन, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनधिकृत हूटर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करें तथा सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

राजस्थान पुलिस का यह विशेष अभियान न केवल यातायात नियमों के प्रभावी पालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता और कानून के समान अनुपालन के संदेश को भी मजबूती से स्थापित कर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story