राजस्थान पुलिस का ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ा शिकंजा, 16 दिन में 1.31 लाख से अधिक वाहनों पर कार्रवाई
राजस्थान में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 16 दिनों में 1.31 लाख से अधिक वाहनों पर चालान, ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड वाहन, अवैध नंबर प्लेट और लाल-नीली बत्तियों के खिलाफ चला व्यापक अभियान।

राजस्थान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी है। प्रदेशभर में 4 जून से 19 जून 2026 तक चलाए गए व्यापक प्रवर्तन अभियान के दौरान 1 लाख 31 हजार 161 वाहनों के विरुद्ध विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाना है।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक यातायात श्री अनिल पालीवाल एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में संचालित इस विशेष अभियान के तहत वाहनों में किए गए अवैध संशोधनों और नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई। पिछले 16 दिनों में 49,306 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त 33,737 ऐसे वाहनों के खिलाफ चालान किए गए जिनकी नंबर प्लेट अथवा पंजीयन चिन्ह निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। वहीं 18,124 वाहनों पर लगे अनाधिकृत शब्द-चिह्न और अवैध लेखन को हटवाते हुए उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन करने वाले वाहनों पर भी सख्त रुख अपनाया। इस दौरान 12,986 मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 9,863 वाहनों से अनधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर हटवाए गए। वहीं प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न का उपयोग करने वाले 7,145 वाहन चालकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 19 जून को भी व्यापक स्तर पर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रही। केवल एक दिन में 6,777 वाहनों के खिलाफ चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 754 मॉडिफाइड वाहन, 592 अनधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर लगे वाहन, 392 प्रेशर एवं एयर हॉर्न वाले वाहन, 2,348 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 915 अनधिकृत शब्द-चिह्न वाले वाहन तथा 1,776 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहन शामिल रहे।
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो जयपुर कमिश्नरेट का जयपुर पश्चिम जिला एक दिन की कार्रवाई में पूरे प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां 520 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद अजमेर जिले में 440, जयपुर ग्रामीण में 402 तथा जयपुर यातायात इकाई द्वारा 326 वाहनों पर कार्रवाई दर्ज की गई।
महानिदेशक यातायात श्री अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न करवाएं तथा प्रतिबंधित उपकरणों के उपयोग से बचें। पुलिस का मानना है कि सख्त प्रवर्तन और जनजागरूकता के संयुक्त प्रयासों से ही सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
