राजस्थान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। बिना हेलमेट सफर करने वालों सहित नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए शुरुआती 5 दिनों में 97,954 चालान और अन्य दण्डात्मक कार्रवाई की है।

राजस्थान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के आदेशानुसार और महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण एवं यातायात) श्री अनिल पालीवाल के सीधे पर्यवेक्षण में प्रदेशभर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपायुक्तों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अति. महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 02 जुलाई से 06 जुलाई 2026 तक अभियान के शुरुआती 5 दिनों में प्रदेशभर में कुल 97,954 चालान व अन्य दण्डात्मक कार्रवाइयां की गईं। इस दौरान पुलिस द्वारा बिना हेलमेट नहीं सफर करने, चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य होने तथा आईएसआई मार्क हेलमेट को जीवन रक्षा का साधन बनाने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया।

डॉ. मीणा ने बताया कि 06 जुलाई 2026 को राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 19,901 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 8,447 चालक, तेज गति से वाहन चलाने वाले 5,019 चालक, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले 3,369 वाहन चालक तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के छह लेन एवं एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 3,066 वाहन चालक शामिल हैं।

अभियान के शुरुआती पांच दिनों की समेकित कार्रवाई में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले कुल 42,137 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले कुल 25,164 चालकों, हाईवे व मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले कुल 15,759 वाहनों तथा लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वाले 14,894 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि 15 दिवसीय यह विशेष अभियान आगामी 16 जुलाई 2026 तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी कानूनी कार्रवाई या जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की सुरक्षित जीवन यात्रा के लिए अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story