राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने पर्यटन स्थलों पर नई व्यवस्थाएं विकसित करने की तैयारी की है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधुनिक टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स (टीएएफ) सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए राजस्थान पुलिस और पर्यटन विभाग पर्यटकों को सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएंगे। साथ ही पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत पर्यटन स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस के अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो और कैब पर विशेष क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। पर्यटक इन क्यूआर कोड को स्कैन करके सुरक्षा, पर्यटन और आपातकालीन सहायता से संबंधित जरूरी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 2 सितंबर, 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि ‘पधारो म्हारे देश’ की भावना के अनुरूप राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य विशेष शाखा और पर्यटन विभाग को प्रमुख पर्यटन स्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों से प्राप्त फीडबैक फॉर्म में दर्ज सुझावों और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाना चाहिए।

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स के जवानों, गार्ड और गाइड को भाषिणी जैसे मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि वे विदेशी पर्यटकों की भाषा समझकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कर सकें। उन्होंने टीएएफ कर्मियों को फ्रेंच सहित अन्य विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

प्रमुख मेलों के दौरान टीएएफ के साथ होमगार्ड की सेवाएं लेने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा डीजीपी ने नगर निगम अधिकारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित और समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में डीजीपी (ट्रैफिक) मालिनी अग्रवाल ने पर्यटकों और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रावधानों सहित अन्य संबंधित विषयों पर अपने विचार रखे।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार ने बताया कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में राजस्थान में पर्यटक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की है। सुविधाओं के विस्तार के तहत पर्यटन विभाग पर्यटकों के लिए एक एकीकृत मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इस ऐप में चैटबॉट की सुविधा के साथ राजस्थान पुलिस के राजकॉप ऐप, नीड हेल्प और अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में पुलिस, पर्यटन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रस्तावित टीएएफ केंद्रों, अभय कमांड सेंटर से जुड़े सीसीटीवी कैमरों, क्यूआर कोड और एकीकृत मोबाइल ऐप के जरिए राजस्थान में पर्यटकों की सुरक्षा, संवाद और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

Next Story