राजस्थान को वर्ष 2047 तक दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में राज्य सरकार ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में इस बार पर्यटन क्षेत्र के भविष्य, वैश्विक अवसरों और निवेश की संभावनाओं पर विशेष मंथन होगा। 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के छह सेक्टरल सेशन में से एक पर्यटन पर केंद्रित रहेगा। इसकी थीम 'राजस्थान@2047: हेरिटेज, इनोवेशन एंड ग्लोबल अपॉर्च्युनिटीज' रखी गई है।

इस सत्र में पर्यटन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ और विभिन्न हितधारक राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की संभावनाओं, निवेश और नए अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे। राज्य की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक किले-महल, शेखावाटी की खूबसूरत हवेलियां, वन्यजीव, विविध प्राकृतिक स्थल और विशिष्ट पर्यटन अनुभव राजस्थान को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं। इसी आधार पर विरासत संरक्षण, पर्यटन के नए विकल्प विकसित करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने, नवाचार और निवेश को प्रोत्साहित करने की रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी।

सत्र में हेरिटेज, कल्चरल और एक्सपीरियंशियल टूरिज्म के साथ वाइल्डलाइफ, एडवेंचर, इको-टूरिज्म, रूरल और स्पिरिचुअल टूरिज्म की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा MICE टूरिज्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पर्यटन अनुभव, डेस्टिनेशन वेडिंग, मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म, सस्टेनेबल टूरिज्म, कौशल विकास तथा पर्यटन गतिविधियों में स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र के विजन 2047, राज्य की नीतिगत व्यवस्था, निवेश संबंधी पहलों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी होगी। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि और विशेषज्ञ नई पर्यटन सेवाओं, नए गंतव्यों, निवेश की संभावनाओं तथा बुनियादी ढांचे की जरूरतों को लेकर अपने सुझाव रखेंगे। सत्र का प्रमुख उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की पहचान करने के साथ आवश्यक नीतिगत बदलावों और उनके क्रियान्वयन के लक्ष्य निर्धारित करना है।

राजस्थान में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच राज्य में पर्यटकों की संख्या पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8.50 प्रतिशत बढ़ी है। राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए कई नीतिगत पहल कर रही है। इनमें राजस्थान होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) स्कीम 2026, राजस्थान फिल्म टूरिज्म प्रमोशन पॉलिसी, 2025, राजस्थान टूरिज्म यूनिट पॉलिसी 2024 और राजस्थान रूरल टूरिज्म स्कीम, 2022 शामिल हैं।

पर्यटन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के परिणाम भी सामने आए हैं। 18 नवंबर 2026 तक 17,641 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े 453 समझौता ज्ञापन (MoUs) धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, राजस्थान टूरिज्म यूनिट पॉलिसी, 2024 के तहत 29,927 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली 1,738 नई पर्यटन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में करीब 1 लाख नए कमरों की आवास सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।

पर्यटन विभाग की सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने कहा, “राजस्थान की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक पहचान पर्यटन के विकास का मजबूत आधार है। हमारा विजन इस विरासत को इनोवेशन, पर्यटन के नए अनुभवों और निवेश के अनुकूल माहौल के माध्यम से विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभवों में बदलना है। वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए हमारा फोकस राजस्थान को दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने पर है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना है कि पर्यटन के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, आजीविका और नए अवसर पैदा हों।”

टूरिज्म सेक्टरल सेशन राजस्थान के पर्यटन विजन को वैश्विक अनुभवों, उद्योग जगत के सुझावों और निवेश की संभावनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसमें राज्य में विविधतापूर्ण, प्रतिस्पर्धी और मजबूत पर्यटन इकोसिस्टम विकसित करने के लिए जरूरी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।

प्रवासी राजस्थानी दिवस-2026 का आयोजन देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे राजस्थानियों के साथ राज्य का जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस आयोजन में प्रवासी राजस्थानी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक और अन्य प्रमुख हितधारक एक मंच पर जुटेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान के विकास में उनकी भागीदारी और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। पर्यटन क्षेत्र का यह विशेष सत्र वर्ष 2047 तक राज्य को वैश्विक पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में निवेश, नीतिगत सुधारों और नई परियोजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने का अवसर प्रदान करेगा।

Next Story