आईटीबी बर्लिन 2026 में राजस्थान पर्यटन पवेलियन का भव्य उद्घाटन हुआ
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बर्लिन में राजस्थान मंडप का उद्घाटन किया, जहाँ राज्य की स्थापत्य कला और विरासत का वैश्विक प्रदर्शन किया गया।

बर्लिन में आयोजित आईटीबी 2026 के दौरान राजस्थान पर्यटन पवेलियन के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजदूत अजीत विनायक गुप्ते और विभाग के अधिकारी।
विश्व के सबसे बड़े पर्यटन व्यापार मेले आईटीबी बर्लिन-2026 का शुभारम्भ मंगलवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हुआ। इस अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग के पवेलियन का विधिवत उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत विनायक गुप्ते द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में राजस्थान पर्यटन विभाग की आयुक्त रूकमणी रियाड़, अतिरिक्त निदेशक पवन कुमार जैन एवं संयुक्त निदेशक डॉ. पुनीता सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, टूर संचालकों एवं आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया। राजस्थान मंडप अपनी सांस्कृतिक भव्यता, स्थापत्य सौंदर्य और नवाचारपूर्ण प्रस्तुति के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
विरासत और स्थापत्य कला के मध्य साझा संवाद
उद्घाटन दिवस पर आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने यूरोपीय एवं जर्मन पर्यटन स्टेकहोल्डर्स के साथ विशेष संवाद करते हुए राजस्थान के ऐतिहासिक किलों और जर्मनी के महलों के मध्य स्थापत्य कला तथा धरोहर संरक्षण की उल्लेखनीय समानताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि "राजस्थान और जर्मनी के संबंध केवल पर्यटन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों क्षेत्रों को विरासत संरक्षण, रणनीतिक निर्माण शैली और सांस्कृतिक संवेदनशीलता की साझा परंपराएँ भी जोड़ती हैं।"
भौगोलिक भिन्नता के बीच आश्चर्यजनक साम्य
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि "पहली दृष्टि में भारत का राजस्थान और यूरोप का जर्मनी भौगोलिक रूप से भिन्न प्रतीत होते हैं—एक ओर विस्तृत मरुस्थल है तो दूसरी ओर हरे-भरे वन और नदी घाटियाँ—किन्तु जब ऐतिहासिक दुर्गों और राजमहलों को देखा जाता है तो स्थापत्य दृष्टि से आश्चर्यजनक साम्य सामने आता है।" राजस्थान पर्यटन की इस प्रभावी भागीदारी ने जर्मन एवं यूरोपीय बाजार में राज्य की पहचान को नई ऊर्जा प्रदान की है। आईटीबी के आगामी दिनों में विभिन्न व्यावसायिक बैठकों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा संवाद सत्रों के माध्यम से राजस्थान अपनी समृद्ध विरासत, अतिथि सत्कार परंपरा और सतत पर्यटन दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन उद्योग का साठवाँ गौरवशाली संस्करण
गौरतलब है कि वर्ष 1966 से आयोजित हो रहा यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन विश्व पर्यटन उद्योग का अग्रणी मंच माना जाता है। इस वर्ष इसका साठवाँ संस्करण आयोजित हो रहा है, जो वैश्विक पर्यटन जगत की छह दशकों की यात्रा और उपलब्धियों को रेखांकित कर रहा है। सुव्यवस्थित संरचना के लिए प्रसिद्ध इस मेले में विभिन्न देशों और गंतव्यों के भौगोलिक विभाजन के साथ साहसिक पर्यटन, व्यावसायिक यात्रा, चिकित्सकीय पर्यटन तथा यात्रा प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्र सम्मिलित हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
