राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय से पर्यटन सेक्टर के स्टेकहोल्डर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य में पर्यटन को वर्षभर सक्रिय बनाए रखने, ऑफ-सीजन टूरिज्म और नए डेस्टिनेशंस के विकास पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में पर्यटन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मिणी रियाड़, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन आनंद त्रिपाठी और पवन जैन सहित प्रमुख पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इनमें RATO अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ एवं सुश्री शांभवी सिंह, FHTR अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, ADTOI अध्यक्ष हेम सिंह, FRTO अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, HRAR से तरुण बंसल एवं अधीरज सिंह, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह, HFR अध्यक्ष पवन मेहता एवं अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बैठक में कहा कि राजस्थान में पर्यटन को नए आयाम देने के लिए ‘अननोन डेस्टिनेशंस’ और ऑफ-सीजन टूरिज्म पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री के लिए एक फैसिलिटेटर की भूमिका में रहेगा और व्यवसाय विस्तार के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स से समय-समय पर सुझाव, प्लान और प्रपोजल देने का आग्रह किया ताकि नए विचारों के साथ कार्य किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों का सर्वाधिक प्रभाव पर्यटन क्षेत्र पर पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार पर्यटन क्षेत्र की चुनौतियों को अवसर में बदलने के उद्देश्य से यह संवाद सत्र आयोजित किया गया, ताकि स्टेकहोल्डर्स के सुझावों के आधार पर नई रणनीति तैयार की जा सके।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजस्थान को “वर्षपर्यंत पर्यटन राज्य” के रूप में विकसित करना आज की प्राथमिकता है। उन्होंने ऑफ-सीजन और शोल्डर सीजन के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि पीक सीजन में टूरिस्ट ओवरफ्लो रहता है, जबकि मानसून और शोल्डर मंथ्स में पर्यटन कम रहता है। इन महीनों में शादियां और बड़े आयोजन भी कम होते हैं, इसलिए ऑफ-सीजन और मानसून टूरिज्म को बढ़ाने के लिए ट्रैवल मार्ट्स, रोड शो और विशेष कैंपेन चलाए जाएंगे।

बैठक में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में राजस्थान के रोड शो जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने “हॉलीडे इन राजस्थान” और “विजिट माय स्टेट” जैसे अभियानों का सुझाव देते हुए कहा कि इन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पर्यटक राजस्थान की यात्रा की योजना बना सकें।

उन्होंने बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा और शेखावाटी जैसे क्षेत्रों को “अननोन डेस्टिनेशंस” के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिनके प्रचार-प्रसार पर विभाग तेजी से कार्य कर रहा है।

विदेशी ट्रैवल मार्ट्स में भागीदारी बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्षों में विभाग की भागीदारी बढ़ी है और आगे इसे और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल भागीदारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि ट्रैवल मार्ट्स के दौरान लोकल टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स, मीडिया और एजेंट्स के साथ बैठकें, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राजस्थानी भोजन और प्रस्तुतियों के माध्यम से अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चीन में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट में भी राजस्थान पर्यटन विभाग भाग लेगा।

उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से अपील की कि विदेशी ट्रैवल मार्ट्स में सहभागिता के दौरान विभाग को सुझाव दिए जाएं कि और क्या शामिल किया जा सकता है, जैसे लोकल एजेंट्स, मीडिया, इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठकें या चाय पर चर्चा।

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मॉन्यूमेंट्स और सरकारी टूरिस्ट स्थलों की टाइमिंग में बदलाव का निर्णय भी लिया गया है। जहां सुरक्षा और लाइटिंग व्यवस्था पूर्ण हो चुकी है, वहां सुबह जल्दी और शाम देर तक खोलने की व्यवस्था लागू की गई है और शेष स्थानों पर कार्य जारी है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग का सोशल मीडिया एवं मीडिया कैंपेन जारी है और शीघ्र ही नया कैंपेन लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने जियोपॉलिटिकल परिस्थितियों और फ्यूल स्थिति को देखते हुए कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि 2019 से पहले जितने विदेशी पर्यटक राजस्थान आते थे, उसे पुनः उसी स्तर पर लाना लक्ष्य है। इसके लिए एविएशन, रेल कनेक्टिविटी और टैक्स में रियायत जैसे मुद्दों पर भारत सरकार के स्तर पर स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे। बैठक के अंत में यह स्पष्ट हुआ कि राजस्थान पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए समन्वित और बहुस्तरीय रणनीति पर तेज़ी से काम किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story