जुलाई 2026 राजस्थान पर्यटन के लिए उपलब्धियों का महत्वपूर्ण महीना साबित हुआ। देश के प्रतिष्ठित ट्रैवल मार्ट्स और पर्यटन आयोजनों में प्रभावी भागीदारी के दम पर राजस्थान पर्यटन विभाग ने चार प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अवार्ड हासिल किए। इन सम्मानों से राजस्थान की पर्यटन ब्रांडिंग को नई पहचान मिली और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक (विपणन) अजय शर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के मार्गदर्शन तथा पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ के नेतृत्व में राजस्थान पर्यटन विभाग ने जुलाई माह के दौरान कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में आयोजित प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, धार्मिक पर्यटन, वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस, एडवेंचर, फिल्म पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि आधुनिक डिजिटल प्रस्तुतीकरण, बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकों और आकर्षक प्रचार सामग्री के माध्यम से राजस्थान पवेलियन प्रत्येक आयोजन में प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना रहा।

अजय शर्मा के अनुसार, 10 से 12 जुलाई तक आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर, कोलकाता में राजस्थान पर्यटन विभाग को "अवार्ड फॉर एक्सीलेंस" से सम्मानित किया गया। इसके बाद 16 से 18 जुलाई तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट, चेन्नई में राजस्थान को "बेस्ट लग्जरी डेस्टिनेशन अवार्ड" प्राप्त हुआ।

इसके बाद 23 से 25 जुलाई तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट, बेंगलूरू में राजस्थान पर्यटन विभाग ने दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान हासिल किए। राजस्थान को "बेस्ट हेरिटेज टूरिज्म डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर" तथा "डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर" अवार्ड प्रदान किए गए।

इन चार राष्ट्रीय सम्मानों ने पर्यटन क्षेत्र में राजस्थान की बढ़ती साख और प्रभावी ब्रांडिंग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। विभाग ने कहा कि उसका लक्ष्य देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन बाजारों में राजस्थान की ब्रांड पहचान को और मजबूत करना है, जिससे पर्यटकों की संख्या, पर्यटन निवेश और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों में निरंतर वृद्धि हो सके।

राष्ट्रीय आयोजनों में राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से राज्य का प्रतिनिधित्व करने और राजस्थान पवेलियन के संचालन की जिम्मेदारी विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गई।

10 से 12 जुलाई तक आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर, कोलकाता में पर्यटक स्वागत केन्द्र, बीकानेर के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ और पर्यटक स्वागत केन्द्र, जोधपुर के सहायक निदेशक शरद व्यास ने जिम्मेदारी संभाली।

16 से 18 जुलाई तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट, चेन्नई में निदेशालय पर्यटन विभाग, जयपुर के उपनिदेशक हनुमान सहाय कुमावत और पर्यटक स्वागत केन्द्र, झालावाड़ के सहायक निदेशक सिराजुद्दीन कुरैशी ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया।

17 से 19 जुलाई तक आयोजित एबीपी टूरिस्ट स्पॉट, कोलकाता में निदेशालय पर्यटन विभाग, जयपुर के संयुक्त निदेशक दलीप सिंह ने जिम्मेदारी संभाली।

23 से 25 जुलाई तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट, बेंगलूरू में निदेशालय पर्यटन विभाग, जयपुर के उप निदेशक नवल किशोर बसवाल और उपनिदेशक बजरंग लाल शर्मा ने राजस्थान पवेलियन के संचालन की जिम्मेदारी निभाई।

वहीं, 24 जुलाई को हैदराबाद में आयोजित पीएचडीसीसीआई के 15वें इंटरनेशनल हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव में निदेशालय पर्यटन विभाग, जयपुर के संयुक्त निदेशक अजय कुमार शर्मा ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया।

जुलाई माह में मिले इन चार राष्ट्रीय सम्मानों ने राजस्थान पर्यटन विभाग की राष्ट्रीय आयोजनों में प्रभावी उपस्थिति और पर्यटन क्षेत्र में राज्य की बढ़ती पहचान को रेखांकित किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story