उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय से पर्यटन सेक्टर के स्टेकहोल्डर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान में पर्यटन को वर्षपर्यंत सक्रिय बनाए रखने, नई रणनीतियों और प्रचार अभियानों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में पर्यटन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मिणी रियाड़, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन श्री आनंद त्रिपाठी, श्री पवन जैन सहित RATO प्रेजिडेंट श्री महेन्द्र सिंह राठौड़ एवं सुश्री शांभवी सिंह, FHTR प्रेजिडेंट श्री सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, ADTOI प्रेजिडेंट श्री हेम सिंह, FRTO प्रेजिडेंट श्री योगेंद्र सिंह, HRAR से श्री तरुण बंसल एवं श्री अधीरज सिंह, होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रेजिडेंट श्री हुसैन खान एवं सचिव श्री रणविजय सिंह तथा HFR प्रेजिडेंट श्री पवन मेहता सहित अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बैठक में कहा कि राजस्थान में पर्यटन को नए आयाम देने के लिए ‘अननोन डेस्टिनेशंस’ और ऑफ-सीजन टूरिज्म पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग एक फैसिलिटेटर की भूमिका में है, जो होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री को व्यापार विस्तार में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स से नियमित रूप से सुझाव, योजनाएं और प्रस्ताव साझा करने का आग्रह किया ताकि नए विचारों के साथ कार्य किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वैश्विक विषम परिस्थितियों का सबसे अधिक प्रभाव पर्यटन क्षेत्र पर पड़ता है, ऐसे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार पर्यटन क्षेत्र की चुनौतियों को अवसर में बदलने के उद्देश्य से यह संवाद सत्र आयोजित किया गया है, जिससे स्टेकहोल्डर्स के सुझावों के आधार पर नई रणनीति तैयार की जा सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता राजस्थान को “वर्षपर्यंत पर्यटन राज्य” के रूप में विकसित करने की है। इसके लिए ऑफ-सीजन के साथ-साथ शोल्डर सीजन का भी प्रभावी उपयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पीक सीजन में पर्यटकों का अत्यधिक दबाव रहता है, जबकि मानसून और शोल्डर महीनों में पर्यटन अपेक्षाकृत कम रहता है। इन अवधियों में शादियों और बड़े आयोजनों की कमी के कारण पर्यटन गतिविधियां घट जाती हैं, इसलिए ऑफ-सीजन और मानसून टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए ट्रैवल मार्ट्स, रोड शो और विशेष कैंपेन पर कार्य किया जाएगा।

दिया कुमारी ने स्टेकहोल्डर्स के सुझावों पर आश्वासन देते हुए कहा कि राजस्थान को देशभर में प्रमोट करने के लिए विभिन्न राज्यों में रोड शो शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने “हॉलीडे इन राजस्थान” और “विजिट माय स्टेट” जैसे विशेष अभियानों के माध्यम से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया और कहा कि इन्हें सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक राजस्थान की यात्रा की योजना बना सकें।

उन्होंने बैठक में बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा और शेखावाटी जैसे क्षेत्रों को “अननोन डेस्टिनेशंस” के रूप में चिह्नित करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और विभाग इन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में फॉरेन ट्रैवल मार्ट्स में राजस्थान पर्यटन विभाग की भागीदारी बढ़ी है और इसे आगे और विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल भागीदारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि ट्रैवल मार्ट्स के दौरान लोकल टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स, मीडिया और एजेंट्स के साथ बैठकें, सांस्कृतिक संध्या, राजस्थानी खान-पान और प्रस्तुतियों के माध्यम से “मेक द मोस्ट ऑफ इट” की रणनीति अपनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चीन में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट में भी राजस्थान पर्यटन विभाग भाग लेगा।

उन्होंने स्टेकहोल्डर्स से अपील की कि विदेशी ट्रैवल मार्ट्स में सहभागिता के दौरान वे विभाग को सुझाव दें कि और किन तत्वों को शामिल किया जा सकता है, जैसे लोकल एजेंट्स, मीडिया, इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठकें और अनौपचारिक संवाद।

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कई मॉन्यूमेंट्स और सरकारी पर्यटन स्थलों की टाइमिंग में बदलाव किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुबह जल्दी और शाम देर तक खोला जा सके। जहां सुरक्षा और लाइटिंग की व्यवस्था पूर्ण हो चुकी है, वहां यह व्यवस्था लागू कर दी गई है तथा शेष स्थानों पर भी शीघ्र कार्य किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटन विभाग का सोशल मीडिया एवं मीडिया कैंपेन जारी है और जल्द ही राजस्थान पर्यटन का नया मीडिया कैंपेन लॉन्च किया जाएगा।

वर्तमान जियोपॉलिटिकल स्थिति पर प्रधानमंत्री की अपील का उल्लेख करते हुए दिया कुमारी ने कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से पूर्व जितनी संख्या में विदेशी पर्यटक राजस्थान आते थे, वर्तमान में उसमें अंतर है, जिसे पुनः उसी स्तर पर लाने का लक्ष्य है। इसके लिए सभी हितधारकों को मिलकर प्रयास करना होगा। साथ ही एविएशन, रेल कनेक्टिविटी और टैक्स रिडक्शन जैसे विषयों पर भारत सरकार के स्तर पर स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे।

इस बैठक के माध्यम से राजस्थान पर्यटन को वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर नई गति देने की रणनीति पर सहमति बनी, जिससे राज्य को “वर्षपर्यंत पर्यटन गंतव्य” के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story