राजस्थान की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग ने देशभर में आक्रामक प्रचार अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत जुलाई 2026 के दौरान विभाग देश के प्रमुख ट्रैवल मार्ट्स और पर्यटन आयोजनों में राजस्थान की समृद्ध विरासत, संस्कृति और नए पर्यटन उत्पादों का व्यापक प्रदर्शन करेगा। पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से राजस्थान को देश के सबसे आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।

रुक्मणी रियाड़ ने कहा कि ट्रैवल मार्ट केवल प्रदर्शनियां नहीं हैं, बल्कि पर्यटन उद्योग के लिए नए अवसरों के द्वार हैं। इन आयोजनों में देशभर के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंसियां, होटल उद्योग, एयरलाइंस और निवेशक एक मंच पर आते हैं, जिससे नए व्यावसायिक संबंध विकसित होते हैं और पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीतियां तैयार की जाती हैं।

उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन विभाग इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट-चेन्नई, एबीपी टूरिस्ट स्पॉट-कोलकाता, इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट-बेंगलुरु तथा पीएचडीसीसीआई इंटरनेशनल हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव-हैदराबाद में भागीदारी करेगा। इन आयोजनों के दौरान राज्य के किले, महल, धार्मिक स्थल, वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, वेलनेस, एडवेंचर और फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

पर्यटन आयुक्त ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप राजस्थान को केवल विरासत पर्यटन तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। नए पर्यटन सर्किट, स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और ग्रामीण अनुभवों को भी राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ा जा रहा है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक घरेलू पर्यटकों को राजस्थान की ओर आकर्षित करना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी मजबूती मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक आयोजन में राजस्थान पवेलियन आधुनिक डिजिटल प्रस्तुतीकरण, आकर्षक प्रचार सामग्री और बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकों का प्रमुख केंद्र होगा। यहां पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को राज्य की नई पर्यटन नीतियों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि 10 से 12 जुलाई तक कोलकाता में आयोजित "ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर" में राजस्थान पर्यटन विभाग की भागीदारी सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुकी है। अब विभाग की टीमें चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता (एबीपी टूरिस्ट स्पॉट) और हैदराबाद में आयोजित आगामी आयोजनों के जरिए राजस्थान की पर्यटन ब्रांडिंग को नई गति देने की तैयारी में हैं। यह पहल राज्य की पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने के साथ पर्यटन क्षेत्र में नए अवसरों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story