प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना: राजस्थान राष्ट्रीय रैंकिंग में प्रथम स्थान पर
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को जनवरी 2026 की मासिक रैंकिंग में देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी।

जयपुर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु आईसीडीएस राजस्थान के अधिकारियों की उपलब्धि की सराहना की।
जयपुर, 04 फरवरी। उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने आईसीडीएस राजस्थान को एक बार फिर से प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में राष्ट्रीय स्तर पर जारी होने वाली मासिक रैंकिंग, (जनवरी 2026) में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
उपमुख्यमंत्री की बधाई एवं संदेश
"महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आईसीडीएस की ओर से सितम्बर 2025 में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में मासिक रैंकिंग में प्रथम स्थान करने के पश्चात पुनः जनवरी 2026 में भी प्रथम स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा अच्छा कार्य किया गया है।"
"मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा निरंतर कीर्तिमान रचे जा रहे हैं, जिसमें उक्त उपलब्धियों के साथ ही पिछले वर्ष 2025 में विभाग को पोषण माह में दूसरा तथा पोषण पखवाड़ा में प्रथम स्थान मिलना भी उल्लेखनीय उपलब्धि है।"
राष्ट्रीय रैंकिंग के आंकड़े
आईसीडीएस निदेशक श्री वासुदेव मालावत ने बताया कि मासिक रैकिंग में राज्यों की स्थिति इस प्रकार है:
- प्रथम स्थान: राजस्थान
- दूसरा स्थान: कर्नाटक
- तीसरा स्थान: असम
- चौथा स्थान: महाराष्ट्र
- पाचंवे स्थान: उत्तरप्रदेश
प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना (PMMVY): मुख्य विवरण
उल्लेखनीय है कि देश के सभी जिलों में 01 जनवरी 2017 से "प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना" लागू है।
- प्रथम संतान हेतु: नई गाईडलाईन के अनुसार 1 अप्रेल 2023 से प्रथम बच्चे पर निर्धारित शर्तों को पूरी करने पर दो किश्तों में कुल राशि रू. 5000/- (3000/- एवं 2000/-) का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
- द्वितीय संतान (लड़की) हेतु: दिनांक 1 अप्रेल 2022 से दूसरे बच्चे के जन्म पर (केवल लड़की होने पर) निर्धारित शर्तों एवं दस्तावेज के प्रमाणीकरण उपरान्त एकमुश्त राशि रू. 6000/- का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
- पंजीकरण: नवीन पोर्टल पर पंजीकरण 1 अप्रेल 2023 से प्रारम्भ किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
