राजस्थान बना नेशनल एक्सप्रेसवे निर्माण में देश का नंबर-1 राज्य, 1,192 किमी हाई-स्पीड कॉरिडोर तैयार
राजस्थान देश में नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण में सबसे आगे पहुंच गया है। जानिए राज्यसभा में नितिन गडकरी ने क्या जानकारी दी।

तस्वीर में बाएँ से दाएँ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एक कार्यक्रम के दौरान तस्वीरों के सामने दीप प्रज्वलित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से देश में सबसे अधिक लाभान्वित राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश में 1 हजार 192 किलोमीटर लंबाई के एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है, जो देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सर्वाधिक है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में मिली इस उपलब्धि पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि को राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में जानकारी दी कि देशभर में कुल 10 हजार 389 किलोमीटर के हाई-स्पीड कॉरिडोर एवं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई है। इनमें से अब तक 4 हजार 809 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
इन आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में देश में निर्मित राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का लगभग एक चौथाई हिस्सा राजस्थान से होकर गुजरता है। इस प्रकार अब तक निर्मित नेशनल एक्सप्रेसवे की सर्वाधिक लंबाई राजस्थान में दर्ज की गई है, जो राज्य की सड़क अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
