राज्य स्तरीय वन मेला 2026: जयपुर में वन एवं पर्यावरण संरक्षण प्रदर्शनी का आयोजन
वन मंत्री संजय शर्मा द्वारा सचिवालय नर्सरी में उद्घाटन, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के वन उत्पादों का प्रदर्शन और जैव विविधता पर आधारित विशेष सत्रों का आयोजन।

जयपुर की सचिवालय नर्सरी में आयोजित राज्य स्तरीय वन मेले के दौरान विभिन्न जिलों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित किए गए हस्तशिल्प और हर्बल वन उत्पाद।
भव्य उद्घाटन समारोह
वन मेले का उद्घाटन माननीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, श्री संजय शर्मा द्वारा दिनांक 09.02.26 के प्रातः 11:00 AM पर, सचिवालय नर्सरी, जयपुर में, वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाएगा। इस वन मेले में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, औषधीय पौधों तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक जानकारी प्रदान की जाएगी।
सहभागी जिले एवं संस्थाएं
मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों जैसे उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, चूरू, करौली, अलवर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, जयपुर, कोटा, बारां, प्रतापगढ़, राजसमंद, बीकानेर आदि से वन मंडलों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), राजीविका के SHGs, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) तथा अन्य संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश, नोएडा, मुंबई तथा अन्य राज्यों/संस्थाओं की सहभागिता भी रहेगी।
प्रमुख आकर्षण एवं प्रदर्शनी उत्पाद
मेले में लगाए जाने वाले स्टॉल्स में राजस्थान एवं अन्य क्षेत्रों के वन उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से —
- शहद एवं जामुन आधारित उत्पाद, लाख, गोंद एवं जड़ी-बूटी उत्पाद।
- औषधीय एवं सुगंधित पौधे, एलोवेरा उत्पाद, हर्बल साबुन, फेस पैक, हेयर ऑयल आदि।
- बांस एवं बांस से निर्मित वस्तुएं (तीर-कमान सहित), लकड़ी हस्तशिल्प एवं कावड़ कला उत्पाद।
- मिलेट आधारित खाद्य पदार्थ (बिस्किट, लड्डू, नमकीन, पेय पदार्थ आदि), मसाले, अचार, अमला कैंडी, आमचूर पाउडर।
- नीम उत्पाद, गौ-काष्ठ एवं जैव उर्वरक, पंच गौरव के उत्पाद।
- मंडाना जनजातीय कला एवं वन्यजीव संरक्षण से संबंधित कलात्मक सामग्री।
- बीज, पौध सामग्री एवं नर्सरी उत्पाद तथा थार क्षेत्र के विशेष उत्पाद जैसे कैर, सांगरी एवं अन्य लघु वनोपज।
शिक्षा, अनुसंधान एवं विशेषज्ञ संवाद
शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों, जैसे IIT जोधपुर तथा बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS), द्वारा भी जानकारीपूर्ण स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनमें वन एवं वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रकाशन एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों द्वारा टॉक शो एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वन एवं पर्यावरण संरक्षण, वन संसाधनों के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, वन उत्पादों से आजीविका, पर उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी।
आमजन के लिए संदेश
यह मेला विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों, शोधार्थियों एवं आमजन के लिए वन एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक उत्कृष्ट अवसर है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
