राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश के विभिन्न रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी।

उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड श्री मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएससी द्वारा लिखित परीक्षा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 19 जून 2026 को घोषित किया गया। इसके बाद अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित करेगा।

उन्होंने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों सहित उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर एवं अजमेर रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तिथि, समय एवं परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। साथ ही उनसे अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय के अनुसार पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं, ताकि शारीरिक दक्षता परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

डीआईजी श्री मनोज कुमार ने बताया कि प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थाई आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://www.police.rajasthan.gov.in तथा प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को नियमित रूप से राजस्थान पुलिस की वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया के इस महत्वपूर्ण चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story