मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सेवा शिविरों से प्रदेशभर में 18,953 कैंप, लाखों लोगों को मिला त्वरित लाभ
राजस्थान में 12 जून से 15 जुलाई तक आयोजित 18,953 सेवा शिविरों के जरिए लाखों लोगों को त्वरित लाभ मिला। जानिए किन योजनाओं और सेवाओं का सबसे अधिक फायदा पहुंचा।

जयपुर में आयोजित सेवा शिविर के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक लाभार्थी को पट्टा वितरित करते हुए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर सुशासन, समाधान और संवेदनशीलता आधारित कार्य संस्कृति की पहचान बनकर उभरे हैं। 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 18 हजार 953 सेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से सरकार के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के संकल्प को धरातल पर साकार करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री के प्रयासों और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते इन शिविरों का असर शहरों से लेकर गांवों तक व्यापक रूप से दिखाई दिया तथा लाखों लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का त्वरित लाभ मिला।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित 10 हजार 564 सेवा शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ वर्षों से लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण भी किया गया। इन शिविरों में 1 लाख 90 हजार 962 नामांतरण, 46 हजार 885 पत्थरगढ़ी एवं सीमाज्ञान, 26 हजार 711 आपसी सहमति से विभाजन तथा 17 हजार 696 रास्तों से जुड़े प्रकरणों का समाधान किया गया। इसके अलावा 2.19 लाख राजस्व अभिलेखों का शुद्धिकरण किया गया तथा 3.37 लाख से अधिक जाति, मूल निवास और हैसियत प्रमाण-पत्र जारी किए गए। शिविरों में 2.12 लाख से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराया गया, जबकि 1.02 लाख से अधिक पट्टों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गईं। इन शिविरों में 24.84 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इसके साथ ही 11.08 लाख नागरिकों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 4.65 लाख महिलाओं की ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 3.11 लाख से अधिक तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 47 हजार से अधिक पॉलिसियों का वितरण किया गया। इसी अवधि में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जनधन योजना और जनआधार से जुड़े हजारों मामलों का भी निस्तारण किया गया।
प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 8 हजार 389 सेवा शिविर आयोजित किए गए, जहां विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इन शिविरों में 42 हजार 252 पट्टे जारी किए गए, 13 हजार 242 नाम हस्तांतरण किए गए तथा 7 हजार 186 भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 1 लाख 897 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण किए गए, 18 हजार 590 पीएम स्वनिधि ऋण आवेदन प्राप्त हुए तथा 41 हजार 442 विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए गए।
शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से शहरों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में भी कार्य किए गए। इस दौरान 67 हजार 646 स्ट्रीट लाइटों का सुधार किया गया, 22 हजार 104 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं तथा 27 हजार 509 कचरा संभावित केंद्रों का उन्मूलन किया गया। वहीं, पालनहार योजना के तहत 12 हजार 540 सत्यापन भी किए गए।
राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने देना है। इसी सोच के अनुरूप आयोजित सेवा शिविर अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रभावी पहल के रूप में सामने आए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
