जयपुर में 12 से 18 जुलाई तक होने वाली वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जानिए परीक्षा केंद्र, समय और जरूरी निर्देश।

राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 14 विषयों की परीक्षाएं विभिन्न पारियों में संपन्न होंगी। जयपुर जिले में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4.15 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर के निर्देशन में परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है ताकि परीक्षा का संचालन बिना किसी व्यवधान के सुनिश्चित किया जा सके।

परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) श्री नरेन्द्र कुमार वर्मा को जिला समन्वयक अधिकारी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आलोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री सुनील कुमार सिंघल एवं प्रधानाचार्य श्री सुरेश अग्रवाल को सह-समन्वयक अधिकारी बनाया गया है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा दिवस पर समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। प्रथम पारी के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रातः 8:00 बजे तक तथा द्वितीय पारी के लिए दोपहर 1:00 बजे तक सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रथम पारी में प्रातः 9:00 बजे तथा द्वितीय पारी में दोपहर 2:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा के सफल संचालन एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या 116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 10 एवं 11 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, अपने साथ मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं प्रवेश पत्र अवश्य लाएं तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन में सहयोग करें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story