राजस्थान वरिष्ठ पत्रकार सम्मान राशि बढ़ी: अब मिलेंगे 18 हजार रुपये
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए मासिक सम्मान राशि में 3 हजार रुपये की वृद्धि को दी स्वीकृति, दिवंगत पत्रकारों की पत्नियों को भी लाभ।

जयपुर, 21 मई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पत्रकार कल्याण, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य के वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों के सम्मान और आर्थिक संबल को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने उनकी मासिक सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने के प्रस्ताव को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के उपरांत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना में विधिवत संशोधन करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।
डीआईपीआर द्वारा जारी राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026 के अंतर्गत, अब ऐसे पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकार इस बढ़ी हुई सम्मान राशि के पात्र होंगे, जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक समाचार पत्र, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं समाचार एजेंसी के क्षेत्र में न्यूनतम 20 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। इस योजना के दायरे में संपादक, प्रकाशक एवं मीडिया संस्थान के मालिक भी शामिल हैं, बशर्ते उनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो। पात्र पत्रकारों को अब प्रति माह 18 हजार रुपये की सम्मान राशि प्राप्त होगी।
यह निर्णय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा की प्रत्यक्ष अनुपालना है। इस आधिकारिक अधिसूचना के जारी होने के बाद, योजना के तहत लाभान्वित होने वाले दिवंगत पत्रकारों की पत्नियों को देय सम्मान निधि की राशि में भी आनुपातिक वृद्धि की गई है, जो अब 7 हजार 500 रुपये से बढ़कर 9 हजार रुपये प्रति माह हो गई है। राज्य सरकार का यह कदम वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके दीर्घकालिक योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक सशक्त पहल है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
