राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के लिए आवेदन जल्द शुरू होंगे
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने पोर्टल अपडेट करने के निर्देश दिए, 56 हजार बुजुर्गों को ट्रेन और हवाई मार्ग से तीर्थ दर्शन कराए जाएंगे।

जयपुर के शासन सचिवालय में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत और उपस्थित अधिकारीगण।
जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों के लिए देवस्थान विभाग की 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' के अंतर्गत पुण्य लाभ कमाने का मार्ग प्रशस्त होने जा रहा है। शासन सचिवालय में मंगलवार को आयोजित यात्रा संचालन समिति की समीक्षा बैठक के दौरान पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को अविलंब शुरू करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को विभाग के पोर्टल में आवश्यक तकनीकी संशोधन कर इसे जल्द से जल्द पोर्टल को आवेदन हेतु खोलने हेतु निर्देशित किया है, ताकि प्रदेश के बुजुर्गों का तीर्थ यात्रा पर जाने का सपना साकार हो सके।
तीर्थयात्रा के सुव्यवस्थित एवं सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु देवस्थान मंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस नवगठित कमेटी में अध्यक्ष पद का दायित्व स्वयं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत संभाल रहे हैं, जबकि सदस्य के रूप में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह विभाग), अतिरिक्त मुख्य सचिव (अल्पसंख्यक मामलात विभाग), शासन सचिव (देवस्थान), शासन सचिव (पर्यटन), प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग) तथा आयुक्त (देवस्थान विभाग, उदयपुर) को शामिल किया गया है। मंगलवार को संपन्न हुई इस कमेटी की प्रथम बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मंत्री कुमावत ने इस वर्ष भी 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकुलित ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थों तथा छह हजार यात्रियों को हवाई मार्ग द्वारा नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान देवस्थान विभाग की वर्ष-2026 की बजट घोषणाओं की शत-प्रतिशत क्रियान्विति पर भी गहन मंथन किया गया। मंत्री श्री कुमावत ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि बजट में स्वीकृत कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए और विभाग की कार्ययोजना में इन कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने न केवल वर्तमान बल्कि गत वर्ष की लंबित बजट घोषणाओं को भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया। इसी क्रम में एक नवाचार करते हुए मंत्री ने विभाग के प्रमुख मंदिरों में सुबह-शाम होने वाली आरती के ऑनलाइन दर्शन उपलब्ध कराने हेतु एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में देवस्थान विभाग की शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी, आयुक्त श्री एलएन मंत्री, अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीय, शासन उप सचिव श्री आलोक सैनी और एडीसी (जयपुर प्रथम) रतनलाल योगी सहित आईआरसीटीसी, पर्यटन, चिकित्सा एवं अल्पसंख्यक मामलात विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। राजस्थान सरकार का यह कदम प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक और आध्यात्मिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
