जयपुर, 25 जून। राजस्थान के बीज उत्पादक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत भरी खबर है। राजस्थान राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणीकरण संस्था की 82वीं साधारण बैठक में बीज प्रमाणीकरण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और किसान अनुकूल बनाने के लिए कई दूरगामी निर्णय लिए गए हैं। पंत कृषि भवन के सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव (कृषि एवं उद्यानिकी) श्रीमती मंजू राजपाल ने की, जिसमें संस्था के अधिकारियों के साथ प्रगतिशील कृषक सदस्यों ने भी भागीदारी की।

बैठक के दौरान बीज उत्पादन एवं प्रमाणीकरण से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर गहन विमर्श किया गया। प्रगतिशील किसान सदस्यों श्री हंसराज मीणा और श्री रणछोर पाटीदार ने किसानों को फील्ड में आने वाली चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। इन सुझावों पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष श्रीमती मंजू राजपाल ने कृषक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और प्रमाणीकरण व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

प्रक्रियागत सुधारों के क्रम में यह निर्णय लिया गया कि बीज प्रमाणीकरण हेतु जीओटी (Grow Out Test) के लिए बीज के नमूने अब विधिवत प्रक्रिया अपनाकर ही लिए जाएंगे, ताकि परीक्षण की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर कोई प्रश्नचिह्न न रहे। इसके साथ ही, किसानों को समय पर परिणाम उपलब्ध कराने और प्रमाणीकरण में लगने वाले समय को घटाने के लिए प्रयोगशाला जांच और जीओटी नमूना जांच को समानांतर रूप से संचालित करने की व्यवस्था लागू की गई है।

बैठक में उत्पादकता को बढ़ावा देने हेतु एक और अहम निर्णय के तहत, यदि किसी किसान के खेत में अनुमानित उपज से अधिक फसल होती है, तो उसे 10 प्रतिशत अधिक तक रॉ-बीज इंटेक की अनुमति दी जाएगी। यह निर्णय उन मेहनतकश किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा जो उच्च उत्पादकता प्राप्त करते हैं। इसके अतिरिक्त, फसलों के बीज समय पर प्रमाणित होकर किसानों तक पहुंच सकें और कृषि कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए वर्तमान क्रॉप कैलेंडर में भी आवश्यक संशोधन करने का निर्णय लिया गया।

श्रीमती मंजू राजपाल ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने और बीज उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्णयों से संपूर्ण बीज उत्पादन एवं प्रमाणीकरण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी। बैठक में उपस्थित कृषक प्रतिनिधियों ने इन निर्णयों का स्वागत करते हुए राज्य सरकार एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story