राजस्थान संस्कृत अकादमी के वेद शिक्षक कार्यशाला आयोजन
राजस्थान दिवस सप्ताह में 37 वेद विद्यालयों के अध्यापकों को वेद प्रशिक्षण और छात्रों का दीक्षांत एवं सम्मान समारोह

जयपुर। राजस्थान संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. लता श्रीमाली ने बताया कि राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत 16 मार्च सोमवार को सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान पार्क, शास्त्री नगर, जयपुर में राजस्थान संस्कृत अकादमी द्वारा संचालित राजस्थान के 37 वेद विद्यालयों के वेद अध्यापकों की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में वेद विशेषज्ञ शुक्ल यजुर्वेदीय माध्यन्दिनी शाखा सहित सामवेद, अथर्ववेद आदि का विशेष प्रशिक्षण देंगे।
डॉ. लता श्रीमाली ने बताया कि 17 मार्च को प्रातः 11 बजे क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान पार्क, शास्त्री नगर, जयपुर परिसर में दीक्षांत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 37 वेद विद्यालयों के शुक्ल यजुर्वेदीय माध्यन्दिनी शाखा के पंचम वर्ष में प्रथम आने वाले वैदिक छात्रों को बाल शंकराचार्य सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही वेद विद्यालय के पंचम वर्ष के छात्रों का दीक्षांत समारोह संपन्न होगा। संपूर्ण राजस्थान में निशुल्क वैदिक संस्कार शिविर चलाने वाले संस्कृत सेवी संस्था प्रधान एवं शिविर प्रशिक्षक को वैदिक संस्कार सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में वेद विद्यालय के छात्रों द्वारा समान पोशाक में चारों वेदों का सस्वर पाठ प्रस्तुत किया जाएगा। नवाचार के रूप में प्रथम बार मोहरी देवी तापड़िया संस्कृत बालिका वेद विद्यालय की बालिकाओं द्वारा भी वेदों का सस्वर पाठ आयोजित होगा।
डॉ. लता श्रीमाली ने आगे बताया कि 19 मार्च को प्रातः 9 बजे मां बगलामुखी साधना केंद्र, वेद विद्यालय गोनेर, जयपुर में राजस्थान स्थापना दिवस एवं नवरात्रा स्थापना के शुभ अवसर पर राष्ट्र की रक्षार्थ और सर्वजन कल्याणार्थ वैदिक मंत्रोच्चारण से यज्ञ-हवन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम राजस्थान में वैदिक शिक्षा और संस्कारों के प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल वेदों के अध्ययन को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में वैदिक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी योगदान देगा।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
