राजस्थान संपर्क पोर्टल पर जयपुर का परचम, 95.38 प्रतिशत शिकायतों का किया सफल निस्तारण
राजस्थान संपर्क पोर्टल पर जयपुर जिले ने 95.38 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण कर प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में प्रशासन अब लंबित शिकायतों को समयबद्ध तरीके से सुलझाने पर जोर दे रहा है।

मुख्यमंत्री राजस्थान संपर्क पोर्टल के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में जयपुर जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में जयपुर जिला लगातार बेहतर परिणाम दर्ज कर रहा है, जिसके तहत 13 जुलाई, 2026 तक जिले में कुल 95.38 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया गया है।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने इस उपलब्धि पर जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर जिले में अब तक कुल 5,82,106 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5,55,224 परिवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब केवल 26,882 परिवाद ही लंबित हैं। इसके साथ ही, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में नागरिकों द्वारा 64 प्रतिशत संतुष्टि दर्ज की गई है।
जिला प्रशासन ने शिकायतों के समाधान की इस गति को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को लंबित परिवादों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से इस बात पर विशेष बल दिया जा रहा है कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता और नागरिक संतुष्टि के स्तर में और अधिक सुधार सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासनिक स्तर पर की जा रही निरंतर मॉनिटरिंग और समीक्षा से शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही में बढ़ोतरी हुई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
