राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण
अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार ने शिकायतों के निस्तारण की प्रगति जांची और बूंदी कलक्टर को मौके पर समस्या समाधान के निर्देश दिए।

जयपुर स्थित सचिवालय में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण करते और परिवादियों से संवाद करते वन एवं पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनन्द कुमार।
जयपुर, 10 मार्च। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव साबित हो रही है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनन्द कुमार ने मंगलवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उनके विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली तथा परिवादियों से सीधे संवाद कर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण कर कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
परिवादियों से सीधा संवाद और मौके पर समाधान
अतिरिक्त मुख्य सचिव के परिवादियों से संवाद के दौरान बूंदी जिले के लाखेरी के श्री पंकज सुमन द्वारा बताया गया कि मेन रोड पर लगे पीपल के पेड़ में से गुजर रही बिजली लाइन आमजन के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने मौके पर ही बूंदी जिला कलक्टर श्री अक्षय गोदारा को फोन कर मंगलवार शाम से पहले परिवादी की समस्या के समाधान कर की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सीकर के महेश कुमार खुडानिया ने समस्या के समयबद्ध समाधान हो जाने पर राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। जयपुर के श्री विष्णु द्वारा दर्ज केमिकल फैक्ट्री से प्रदूषण की शिकायत पर श्री आनंद कुमार ने संबंधित अधिकारी को औचक निरीक्षण कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
त्वरित निस्तारण के आँकड़े और विभागीय लक्ष्य
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि "आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्थान संपर्क पोर्टल समस्याओं का अंतिम पड़ाव होना चाहिए। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।" इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से संबंधित कुल 10957 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 10261 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। प्रकरणों के निस्तारण की औसत अवधि 27 दिन है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनुपालना
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित रहकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
