राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन: एसीएस प्रवीण गुप्ता ने किया जनसुनवाई
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की शिकायतों का औसत 6 दिन में समाधान सुनिश्चित कर 79 प्रतिशत संतुष्टि स्तर हासिल करने के निर्देश दिए।

जयपुर, 13 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन आमजन की समस्या के समाधान के लिए वरदान साबित हो रही है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने परिवादियों से सीधा संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
मार्च माह में त्वरित समाधान और उच्च संतुष्टि दर
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 181 हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान की दिशा में बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। मार्च माह में विभाग द्वारा औसत 6 दिवस में समस्या का समाधान किया गया है। गौरतलब है कि मार्च माह में अब तक 3228 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 752 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है और संतुष्टि का प्रतिशत 79 प्रतिशत रहा है।
अवैध गतिरोधकों और सड़क संबंधी समस्याओं पर सख्त निर्देश
एसीएस ने इस दौरान विभाग से संबंधित 11 परिवादियों से संवाद किया और समस्या समाधान के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान परिवादियों द्वारा विभाग की सड़कों पर अवैध गतिरोधक, सडकों पर झाडियां, मिट्टी आदि मुद्दों को संज्ञान में लाया गया। ऐसे मुद्दों को अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा गम्भीरता से लेकर अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश प्रदान किये गये। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए एसीएस द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी जिसमें परिवादों के निस्तारण में लगने वाले समय को कम करने तथा निस्तारित परिवादों के संतुष्टि स्तर बढ़ाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने परिवादों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्व कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। निर्देशों की पालना में विभाग द्वारा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये।
पर्यटन और अन्य विभागों की शिकायतों का परीक्षण
इस दौरान एसीएस श्री गुप्ता ने पर्यटन विभाग, कला एवं संस्कृति तथा जवाहर कला केन्द्र से संबंधित शिकायतों का भी परीक्षण किया और परिवादियों से संवाद किया। एसीएस ने संपर्क हेल्पलाइन पर दर्ज एक परिवाद का निरीक्षण किया जिसमें लम्बे समय तक लंबित रखने के बाद पर्यटन इकाई प्रोजेक्ट को स्वीकृत करने का जिक्र किया गया था। परिवादी द्वारा फाइल को लंबित रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग भी की गई थी। एसीएस ने परिवादी से संवाद कर मामले की जानकारी ली तथा पत्रावली को लंबित रखने के कारणों की जांच के लिए पत्रावली तलब की।
उपस्थित अधिकारी एवं 181 हेल्पलाइन की सुविधा
इस अवसर पर लोक शिकायत निवारण विभाग के संयुक्त सचिव श्री हर्ष सावन सुखा, आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक श्री जी.के. शर्मा, राजस्थान संपर्क पोर्टल के अतिरिक्त निदेशक श्री सुदर्शन सिंह देओरा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी समस्या दर्ज कराकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
