डिजिटल सुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘समाधान साथी’ व्हाट्सएप चैटबॉट की शुरुआत की है, जिसने आमजन और विद्यार्थियों के लिए सरकारी सेवाओं की पहुंच को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बना दिया है।

मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में 14 अप्रेल, 2026 को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में इस चैटबॉट का शुभारंभ किया गया। यह पहल सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को डिजिटल युग में साकार करती है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने बताया कि अब पेंशन या छात्रवृत्ति से जुड़ी किसी भी जानकारी, समस्या या आवेदन की स्थिति जानने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। आमजन 7690080055 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक संदेश भेजकर कहीं से भी, कभी भी योजना और आवेदन संबंधी सटीक जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकते हैं।

यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए राहतकारी साबित हो रही है। जहां पहले सरकारी सेवाओं तक पहुंच चुनौतीपूर्ण थी, वहीं ‘समाधान साथी’ ने इस दूरी को समाप्त कर सेवाओं को सीधे नागरिकों की उंगलियों तक पहुंचा दिया है। विद्यार्थियों को अब छात्रवृत्ति से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि वे घर बैठे बिना किसी बाधा के त्वरित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में अन्य योजनाओं को भी इस पोर्टल से जोड़ा जाएगा।

‘समाधान साथी’ एक संपूर्ण डिजिटल सहायता प्रणाली के रूप में कार्य करता है। यह छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन की अंतिम तिथि, आवेदन की स्थिति और सामान्य प्रश्नों के सटीक उत्तर प्रदान करता है। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए चरण-दर-चरण मार्गदर्शन देता है, जिससे उपयोगकर्ता बिना किसी भ्रम के सही तरीके से आवेदन कर सकें। सामान्य त्रुटियों की पहचान और सुधार में भी यह प्रभावी है, जिससे आवेदन अस्वीकृति की संभावना कम होती है।

पेंशन लाभार्थियों के लिए भी यह चैटबॉट अत्यंत उपयोगी है। वे पेंशन भुगतान की स्थिति, पात्रता और अन्य संबंधित जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रकार ‘समाधान साथी’ छात्रवृत्ति और पेंशन सेवाओं के लिए एक एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में कार्य कर रहा है। इसकी द्विभाषी सुविधा, हिंदी और अंग्रेजी, इसे हर वर्ग के नागरिक के लिए सुलभ बनाती है। यह विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है, जिससे इसकी पहुंच और व्यापक हो गई है।

‘समाधान साथी’ ने पारंपरिक सरकारी कार्यप्रणाली को बदलते हुए प्रतिक्रियात्मक मॉडल से सक्रिय मॉडल में रूपांतरित किया है। यह पहल पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करते हुए ‘नागरिक-प्रथम’ शासन की अवधारणा को मूर्त रूप देती है। तकनीक के प्रभावी उपयोग से सरकार और आमजन के बीच की दूरी तेजी से कम हो रही है, और ‘समाधान साथी’ सुविधा व सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जहां समाधान अब वास्तव में सिर्फ एक मैसेज दूर है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story