राजस्थान में सहकार से समृद्धि अभियान: उत्कृष्ट कार्यों के लिए अधिकारी सम्मानित
जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक और रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को नवाजा।

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारिता समारोह के मंच पर (बाएं से दाएं) शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा, सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक को एक छोटा पौधा भेंट कर उनका स्वागत करते हुए।
सहकार सप्ताह के अंतर्गत जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि "एक सबके लिए, सब एक के लिए" के सिद्धांत पर आधारित जनकल्याण की सशक्त विचारधारा है। उन्होंने कहा कि एकता, विश्वास और सामूहिक सहभागिता की शक्ति से प्रत्येक चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है तथा समावेशी एवं सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
समारोह के दौरान "सहकार से समृद्धि" अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार, तकनीकी दक्षता तथा उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सहकारिता विभाग एवं सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, परिश्रम तथा प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि राजस्थान आज "सहकार से समृद्धि" कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।
समारोह को संबोधित करते हुए शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने कहा कि सहकारिता मिलकर कार्य करने, साथ आगे बढ़ने तथा सामूहिक प्रयासों से सफलता अर्जित करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास की यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे। उन्होंने बताया कि "सहकार से समृद्धि" अभियान के अंतर्गत 114 से अधिक नवाचारों के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई संभावनाओं को साकार किया जा रहा है।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर टीम भावना, सामूहिक सहयोग तथा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का संदेश दिया।
इस अवसर पर बैंकिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री पी.के. नाग, श्री वी.के. मिश्रा, श्रीमती सुमन मीणा, श्री परेश पंड्या, श्री आशीष गुप्ता, श्री हरीश सिवासिया, श्री मुकेश शर्मा, श्री पी.सी. जाटव, श्री दिनेश कुमार शर्मा, श्री भंवर लाल, श्री महेन्द्र पाल, श्री सुनील वीरभान, श्री रामअवतार शर्मा तथा श्री शांति लाल को सम्मानित किया गया।
समर्थन मूल्य खरीद के क्षेत्र में श्री विष्णुदत्त शर्मा, श्री शंकर लाल धाकड़, श्री राजन कुमार भारती तथा श्री अनिरुद्ध देथा को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उपभोक्ता क्षेत्र में श्री राजेन्द्र सिंह तथा श्री प्रमोद कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं खण्ड एवं इकाई स्तर पर श्री बलविन्दर सिंह गिल, श्री शिरीष वी. चांदे, श्री शिवचरण विजय तथा श्री सुरेन्द्र सिंह खंगारोत को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधान कार्यालय स्तर पर श्री आर.एस. जोधा, श्री अजय उपाध्याय, श्रीमती कल्पना जोशी, श्रीमती वर्षा मीणा, सुश्री मधु मीणा, श्रीमती किरण सोनी, श्री बृजेन्द्र प्रसाद, श्री गिरवर सिंह, श्री रामरतन चौधरी तथा श्री रामपाल को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सहकारिता विभाग की प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। अपैक्स बैंक के अंतर्गत दिसंबर 2025 तक 2300 पैक्स को ई-पैक्स घोषित किया गया था, जबकि सहकारिता विभाग ने मिशन मोड में कार्य करते हुए 30 जून 2026 तक 5500 पैक्स को सफलतापूर्वक ई-पैक्स घोषित कर दिया। इसी अवधि में ऑन सिस्टम ऑडिट पैक्स की संख्या भी 3500 से बढ़कर 5500 हो गई। मार्च-अप्रैल 2026 में हड़ताल के बावजूद यह उपलब्धि विभाग की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का उदाहरण बनी।
जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देर रात तक क्षेत्र में रहकर अधिकतम ऋण वसूली सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए। परिणामस्वरूप गत वर्ष 2.50 लाख किसानों से वसूली योग्य 865 करोड़ रुपये की राशि की तुलना में इस वर्ष केवल 63 हजार किसानों से 218 करोड़ रुपये की राशि ही शेष रही। सामान्यतः 800 से 900 करोड़ रुपये रहने वाला वसूली अंतर इस वर्ष घटकर लगभग 218 करोड़ रुपये रह जाना विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।
राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक (RSLDB) की ओटीएस योजना के अंतर्गत 30 जून 2026 की देर रात तक विशेष अभियान चलाकर 361 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जिसमें लगभग 205 करोड़ रुपये की ऋण राहत शामिल रही। यह 200 करोड़ रुपये के बजट लक्ष्य के मुकाबले 102.3 प्रतिशत उपलब्धि रही। विभाग के अनुसार यह अब तक लागू सभी ओटीएस योजनाओं में सर्वाधिक वसूली प्रतिशत है। इसी उपलब्धि के कारण वर्ष 2025-26 में राज्य भूमि विकास बैंक 41 करोड़ रुपये के लाभ में रहा।
राजफैड ने रबी 2026 सीजन में गेहूं खरीद का नया रिकॉर्ड बनाया। पिछले रबी सीजन में 34 खरीद केंद्रों पर 5500 किसानों से 142 करोड़ रुपये मूल्य का 55,300 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जबकि इस बार 110 खरीद केंद्रों पर 40,300 किसानों से 800 करोड़ रुपये मूल्य का 2,92,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.50 गुना अधिक है।
"सहकार से समृद्धि" अभियान के तहत विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान देश का अग्रणी राज्य बना हुआ है। वर्तमान में 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले 120 गोदाम तथा 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले 42 गोदामों का निर्माण कर पैक्स एवं केवीएसएस में कुल 64,200 मीट्रिक टन भंडारण क्षमता विकसित की जा चुकी है। आगामी तीन वर्षों में इस क्षमता का और विस्तार किया जाएगा। साथ ही राजस्थान स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (RSWC), NCCF, NAFED तथा अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर भंडारण सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। निर्माणाधीन एवं नवीन स्वीकृत गोदामों पर भी तेज गति से कार्य जारी है।
सहकार वन परियोजना के तहत जयपुर में 62.53 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। अमूल, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) तथा सहकारिता विभाग के संयुक्त प्रयासों से इसे हरित, आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक स्थल के रूप में आगामी एक वर्ष में विकसित किया जाएगा।
इसी क्रम में "भारत टैक्सी" परियोजना को सहकारी मॉडल की अभिनव पहल बताते हुए कहा गया कि इसका उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह सेवा फिलहाल परीक्षण चरण में है और शीघ्र ही पूरे राज्य में औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी। अब तक 28,800 से अधिक वाहन पंजीकृत हो चुके हैं तथा जयपुर में प्रतिदिन 500 से अधिक सफल राइड्स संचालित हो रही हैं।
सहकार सप्ताह के इस राज्य स्तरीय समारोह ने न केवल उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान किया, बल्कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास, तकनीकी नवाचार, कृषि, भंडारण, बैंकिंग और परिवहन क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से स्थापित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
