राजस्थान में ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान के तहत संचालित योजनाओं और गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सहकारिता विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने अधिकारियों को अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 250 एवं 100 मीट्रिक टन क्षमता के पूर्ण हो चुके सहकारी गोदामों तथा प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्रों का शीघ्र शिलान्यास करवाया जाएगा।

डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अतिरिक्त रजिस्ट्रार, उप रजिस्ट्रार, सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डारों के महाप्रबंधकों और विभागीय निरीक्षकों की बैठक लेकर अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिलान्यास से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने बताया कि 30 नवम्बर को मुख्यमंत्री द्वारा जनसुनवाई एवं विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त का हस्तांतरण भी किया जाएगा।

शासन सचिव ने प्रत्येक जिले के एक जिला एक उत्पाद के तहत वहां उत्पादित होने वाले विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि चयनित उत्पादों की आपूर्ति और बिक्री जिला उपभोक्ता भण्डारों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कॉनफैड के सहयोग से उत्पादों की पैकेजिंग एवं पैक तैयार करवाकर उन्हें शीघ्र बिक्री योग्य बनाया जाए। साथ ही एनसीईएल एवं एनसीओएल के माध्यम से इन चयनित उत्पादों के विदेशों में विपणन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।

डॉ. शर्मा ने प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्रों के विस्तार को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक केन्द्र खोलने के प्रयास करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर किराये की दुकान लेकर भी जनऔषधि केन्द्र संचालित किए जाएं। जिला अस्पतालों के सीएससी सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर केन्द्र खोलने तथा घाटे में संचालित दुकानों को जनऔषधि केन्द्रों में परिवर्तित करने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। शासन सचिव ने 30 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। सहकारी गोदामों के शिलान्यास, जनऔषधि केन्द्रों के विस्तार, स्थानीय उत्पादों के विपणन और लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर हुई इस समीक्षा बैठक में विभागीय गतिविधियों को गति देने पर जोर रहा।

Next Story