राजस्थान: सड़क निर्माण कार्यों में बिटुमिन की कीमतों पर राहत, पीडब्ल्यूडी ने जारी किए आदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने मासिक मूल्य विचलन और एलडी में छूट का प्रावधान किया है, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में जारी सड़क निर्माण कार्यों को गति देने और बिटुमिन की कीमतों में आई भारी उछाल से निर्माण एजेंसियों को बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस संबंध में महत्वपूर्ण आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे निर्माण कार्यों के बाधित होने का संकट टल गया है।
पश्चिम एशिया में उपजे तनावपूर्ण हालातों के चलते वैश्विक स्तर पर बिटुमिन की उपलब्धता प्रभावित हुई थी और इसकी कीमतों में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई थी। इस विषम परिस्थिति का सीधा असर राजस्थान में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों पर पड़ रहा था। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इन बाधाओं को दूर करने का निर्णय लिया।
विभाग द्वारा जारी नए आदेशों के अनुसार, अब बिटुमिन का प्रावधिक मूल्य विचलन (Price Variation) मासिक आधार पर रिलीज किया जाएगा। इन मासिक भुगतानों का अंतिम समायोजन त्रैमासिक मूल्य विचलन गणना के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। इस नीतिगत निर्णय से ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक नकदी प्रवाह प्राप्त हो सकेगा। इसके अतिरिक्त, जो सड़क निर्माण कार्य बिटुमिन की आपूर्ति बाधित होने के कारण प्रभावित हुए हैं, उन प्रकरणों में विभाग द्वारा लिक्विडेटेड डैमेज (LD) की शर्त से छूट देते हुए दो माह तक का समय विस्तार प्रदान किया जाएगा। विभाग इन प्रभावित प्रकरणों का व्यक्तिगत रूप से आंकलन कर परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेगा। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राज्य में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार बरकरार रहेगी और गुणवत्तापूर्ण सड़कें समयबद्ध रूप से जनता को समर्पित की जा सकेंगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
