बिटुमिन की कीमतों में उछाल और आपूर्ति संकट के बीच राजस्थान सरकार ने सड़क परियोजनाओं के भुगतान और समय सीमा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जयपुर, 3 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में सड़क निर्माण कार्यों को निर्बाध गति देने के उद्देश्य से बिटुमिन की उपलब्धता और बढ़ती कीमतों के संकट को लेकर एक बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस संबंध में महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। पश्चिम एशिया में उत्पन्न हुई विषम परिस्थितियों के कारण वैश्विक स्तर पर बिटुमिन की कीमतों में आई असामान्य वृद्धि और आपूर्ति में आ रही चुनौतियों को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है।

विभाग द्वारा जारी नवीनतम आदेशों के अनुसार, बिटुमिन का प्रावधिक मूल्य विचलन (Price Variation) अब मासिक आधार पर रिलीज किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत मासिक आधार पर किए गए भुगतान का अंतिम समायोजन त्रैमासिक मूल्य विचलन गणना के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बिटुमिन की आपूर्ति से सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे सड़क निर्माण कार्यों को बिना किसी लिक्विडेटेड डैमेज (LD) के दो माह तक का अतिरिक्त समय विस्तार प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। विभाग इन प्रभावित प्रकरणों का सूक्ष्मता से आंकलन कर आवश्यकतानुसार निर्णय लेगा। सरकार के इस नीतिगत निर्णय से सड़क निर्माण परियोजनाओं के लटकने का खतरा टल गया है और निर्माण कार्यों की रफ्तार बरकरार रहेगी, जिससे आमजन को सुगम परिवहन सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story