राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह मजबूत की है। प्रदेश ने 12 राष्ट्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रथम, 10 में द्वितीय और 8 में तृतीय स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और जनकल्याणकारी विजन से प्रेरित होकर राजस्थान सरकार विकास, सुशासन, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण सहित सभी क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यशैली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिचय दिया है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, प्रशासनिक दक्षता तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ और रबी 2025-26 में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राजस्थान देश में पहले स्थान पर रहा। पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के अंतर्गत अक्षय एवं सौर ऊर्जा की स्थापना तथा कंपोनेंट-सी के तहत सौरकृत फीडरों की संख्या में भी प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर राजस्थान में 62 हजार 915 स्थलों पर 85 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जो देश में सर्वाधिक रही। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में लक्षित इकाइयों के रूपांतरण और पोषण पखवाड़ा 2026 की गतिविधियों में भी राजस्थान ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया।

फिट इंडिया फ्रीडम रन 2024 के तहत देशभर में आयोजित 10 हजार 443 कार्यक्रमों में से 6 हजार से अधिक कार्यक्रम राजस्थान में हुए। वहीं, विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 11 हजार 209 शिविरों के माध्यम से 5.94 लाख उज्ज्वला कनेक्शन उपलब्ध कराने के मामले में भी प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा।

जनजातीय कल्याण, अंगदान और खनन के क्षेत्र में भी राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां दर्ज की हैं। धरती आबा जनभागीदारी अभियान में प्रदेश को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट के रूप में प्रथम स्थान मिला। वर्ष 2025 में अंगदान एवं प्रत्यारोपण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ पहला स्थान हासिल करना भी राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इसके अलावा, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने राजस्थान को विशेष तंबाकू निषेध पुरस्कार 2026 प्रदान किया। खनिज ब्लॉकों की नीलामी में अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए भी प्रदेश को प्रथम पुरस्कार मिला।

राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर रहने वाली योजनाओं और कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फरवरी 2026 की रैंकिंग, पोषण माह 2025 की गतिविधियां और नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के अंतर्गत आभा आईडी बनाने का कार्य शामिल है। पीएम विश्वकर्मा योजना में कौशल प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति और वितरण के क्षेत्र में भी राजस्थान ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

वीबी-जी राम जी कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ होने के आधार पर प्रदेश ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना की मई 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में भी राजस्थान दूसरे स्थान पर रहा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों की लंबाई और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर के आवेदन, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण एवं वेंडर पंजीकरण के मामले में भी राजस्थान को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार में प्रदेश को श्रेष्ठ डेयरी कॉपरेटिव सोसाइटी और श्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, कृषि विभाग को प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राजस्थान ने 8 राष्ट्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में तीसरा स्थान भी हासिल किया है। पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी और सौरकृत पंपों की संख्या के आधार पर कंपोनेंट सी-एफएलएस में प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर रहा।

विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत सक्रिय श्रमिकों की संख्या, सृजित मानव दिवस और सक्रिय जॉब कार्ड के आधार पर राजस्थान को तीसरा स्थान मिला। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2024 में ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने, 100 दिवसीय अभियान, संचार और सामाजिक सहभागिता गतिविधियों में भी प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।

इसके अलावा, नेशनल प्रोग्राम फॉर पैलिएटिव केयर में उत्कृष्ट योगदान, जल संचय जनभागीदारी 1.0 अभियान के उल्लेखनीय क्रियान्वयन और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में भी राजस्थान ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य सुशासन, जनकल्याण और विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना तथा राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की अग्रणी राज्यों के रूप में पहचान को और मजबूत करना है।

Next Story