जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के लिए रेल विकास की नई इबारत लिखते हुए कई प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं उद्घाटन किया। इस अवसर पर जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 04871) के उद्घाटन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही, वंदे भारत एक्सप्रेस की संरचना को 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच करने और साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का जैसलमेर तक विस्तार करने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त, जैसलमेर में 67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी संपन्न हुआ।

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि नियमित रूप से संचालित जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 26481/26482) में 24 मई 2026 से 20 कोच होंगे, जिसमें 2 एक्जीक्यूटिव चेयरकार, 16 वातानुकूलित चेयरकार एवं 2 ड्राइवर पावर कार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के प्रवासियों की मांग पर चेन्नई, पुणे, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं और अगले 10 महीनों में जोधपुर से हरिद्वार के लिए नई सेवा शुरू करने की योजना है। मंत्री ने अवगत कराया कि राजस्थान में रेलवे विकास के लिए वर्तमान में रिकॉर्ड 10,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित है। वर्तमान में धांगरा-बांदीकुई, अजमेर-चित्तौड़गढ़, लूनी-भिलड़ी, रेवाड़ी-खाटूवास एवं सवाई माधोपुर-जयपुर रेलखंडों पर दोहरीकरण कार्य, मारवाड़ जंक्शन-मावली गेज कन्वर्जन तथा पुष्कर-अंबाजी नई रेल लाइन परियोजनाएं तीव्र गति से चल रही हैं। इसके अलावा, भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर टर्मिनल का निर्माण भी किया जा रहा है।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में आए अभूतपूर्व परिवर्तनों को रेखांकित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में रेलवे देश की जीवनरेखा के रूप में सशक्त हुई है। उन्होंने मारवाड़ क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। जैसलमेर में बने कोच केयर कॉम्प्लेक्स से न केवल ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि स्वर्ण नगरी के पर्यटन और सामरिक महत्व को भी नई गति मिलेगी।

साबरमती-जैसलमेर प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20486) को वर्चुअल माध्यम से रवाना किया गया, जो 23 मई 2026 से साबरमती से सुबह 07:00 बजे चलकर दोपहर 14:40 बजे जोधपुर और रात 20:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वापसी में (गाड़ी संख्या 20485) जैसलमेर से सुबह 06:30 बजे प्रस्थान कर रात 20:00 बजे साबरमती पहुंचेगी। कार्यक्रम में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास पर जोर देते हुए बताया गया कि जैसलमेर स्टेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि जयपुर स्टेशन को पिंक सिटी थीम पर और पाली स्टेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। राज्य में 25 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल में से 12 का कार्य पूरा हो चुका है। अंत में रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर राजस्थान को 200 से अधिक नई रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक अर्जुन राम गर्ग, पब्बाराम राम बिश्नोई, अतुल भंसाली, देवेंद्र जोशी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story