मुख्यमंत्री के मुख्य निर्देश

  • पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स को समय पर किया जाए पूरा।
  • संबंधित विभाग परस्पर समन्वय से करें काम।
  • 8 गीगावाट बिजली उत्पादन के लिए चिह्नित 6 पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स पर दिए निर्देश।

जयपुर, 23 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि "बिजली बचाना भी विद्युत उत्पादन के समान है।" इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी स्तर पर सघन दौरे कर बिजली चोरी के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


प्रोजेक्ट्स की उपयोगिता एवं कार्यक्षमता

श्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि "पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स सस्ते होने के साथ ही लम्बी अवधि के लिए कारगर हैं, जिससे आने वाले समय में पर्याप्त बिजली मिलना संभव हो सकेगा।" इससे किसानों के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ता को भी गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा किया जाए, ताकि इनका लाभ उपभोक्ताओं को शीघ्र मिल सके। उन्होंने प्रोजेक्ट्स की क्लीयरेंस के लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करने एवं कार्यों की सतत् मॉनिटरिंग करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


सोलर ऊर्जा और विभागीय समन्वय

मुख्यमंत्री ने सभी राजकीय कार्यालयों पर जल्द से जल्द सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यालयों में अब तक सोलर पैनल नहीं लगे हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर शीघ्र कार्य शुरू किया जाए।

बैठक में 8 गीगावाट बिजली उत्पादन के लिए चिह्नित 6 प्रोजेक्ट्स पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story