पीटीईटी 2026 का परिणाम घोषित, कार्तिक कुमार और जयप्रकाश बिस्सू ने किया टॉप
राजस्थान पीटीईटी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। भरतपुर के कार्तिक और चूरू के जयप्रकाश ने 509 अंक प्राप्त कर टॉप किया। अब 944 बीएड कॉलेजों में प्रवेश की राह खुली।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) प्रो. बीएल वर्मा, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और प्रो. क्षमता चौधरी जयपुर के क्षेत्रीय केंद्र में आयोजित पीटीईटी 2026 परीक्षा परिणाम घोषणा कार्यक्रम के दौरान एक मेज पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर। राजस्थान के 944 बीएड महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) द्वारा आयोजित पीटीईटी प्रवेश परीक्षा 2026 का परीक्षा परिणाम गुरुवार को जयपुर में उपमुख्यमंत्री एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा द्वारा घोषित किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य समन्वयक एवं कुलगुरु प्रोफेसर बीएल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय जनसंपर्क प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक विक्रम राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय मेरिट सूची में भरतपुर के कार्तिक कुमार गर्ग और चूरू के जयप्रकाश बिस्सू ने 600 में से 509 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, उदयपुर के मनोज नागदा 508 अंकों के साथ दूसरे और नागौर के युवराज 507 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। परिणाम घोषित करने के पश्चात उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने मोबाइल के माध्यम से सभी शीर्ष वरीयता प्राप्त विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पीटीईटी समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी, डॉ. संदीप हुडा एवं डॉ. अकबर अली सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रदेश की जन कल्याणकारी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को न केवल प्रोत्साहित किया जा रहा है, बल्कि उनके रोजगार का मार्ग भी प्रशस्त किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीटीईटी 2026 में सफल हुए सभी अभ्यर्थी भविष्य में आदर्श और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बनकर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्ता और पारदर्शिता लाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है, जिसके अंतर्गत शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। डॉ. बैरवा ने कुलगुरु प्रोफेसर वर्मा के कुशल निर्देशन में महज 10 दिनों में परीक्षा का सफल आयोजन और समयबद्ध परिणाम जारी करने के लिए संपूर्ण विश्वविद्यालय टीम की सराहना की।
कुलगुरु प्रो. बीएल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक प्रशिक्षण को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रदेश में एक ऐसी आदर्श शिक्षा व्यवस्था स्थापित करना है, जो विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण करे। सफल अभ्यर्थियों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं को आदर्श शिक्षक के रूप में स्थापित कर देश व राजस्थान का गौरव बढ़ाएं। प्रो. वर्मा ने वीएमओयू द्वारा परीक्षा के दौरान बरती गई पूर्ण शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता को सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने समयबद्ध परिणाम को अभ्यर्थियों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए आशा व्यक्त की कि ये भावी शिक्षक प्रदेश के शैक्षिक विकास में अपनी महती भूमिका निभाएंगे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
