राजस्थान पुलिस में यंग प्रोफेशनल्स भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 अगस्त तक करें आवेदन
राजस्थान पुलिस ने यंग प्रोफेशनल्स भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 12 अगस्त कर दी है। क्राइम डेटा एनालिस्ट, रोड सेफ्टी, एआई इन पुलिसिंग और अन्य विशेषज्ञ पदों पर संविदा भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थी अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

राजस्थान पुलिस में विशेषज्ञ युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर डेटा आधारित, तकनीक-सक्षम और आधुनिक पुलिसिंग को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की पहल के तहत आयोजित की जा रही 'यंग प्रोफेशनल्स भर्ती' के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब इच्छुक अभ्यर्थी 12 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती पूर्णतः संविदा आधार पर की जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 5 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें क्राइम डेटा एनालिस्ट, नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी, ड्रग (अवैध मादक पदार्थ) कंट्रोल तथा एआई इन पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए विशेषज्ञ युवाओं का चयन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी राजस्थान पुलिस की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in/ से विस्तृत जानकारी और आवेदन फॉर्म प्राप्त कर अपना आवेदन ऑफलाइन माध्यम से कमरा संख्या-217, द्वितीय तल, पुलिस मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर–302015 में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन आवेदन ई-मेल के माध्यम से adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in तथा adgprules@rajpolice.gov.in पर भी भेज सकते हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) श्री बिपिन कुमार पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई है, ताकि अधिक से अधिक योग्य एवं प्रतिभाशाली युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर राजस्थान पुलिस के आधुनिकीकरण और नवाचार आधारित पुलिसिंग अभियान का हिस्सा बन सकें। आवेदन की समय-सीमा बढ़ने से पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
