जयपुर, 22 जुलाई। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की पहल पर राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक-संचालित और डेटा आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'यंग प्रोफेशनल्स' के पांच विशेषज्ञ पदों पर पूर्णतया कांट्रेक्ट बेसिस पर भर्ती के लिए युवा अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं की सेवाएं लेकर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, नशा नियंत्रण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि जारी नोटिफिकेशन के अनुसार क्राइम डेटा एनालिस्ट, नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी, ड्रग कंट्रोल तथा एआई इन पुलिसिंग के लिए एक-एक पद पर कांट्रेक्ट बेसिस पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा तथा उनकी नियुक्ति एक वर्ष के लिए कांट्रेक्ट बेसिस पर पुलिस मुख्यालय, जयपुर में की जाएगी।

एडीजी पाण्डेय ने बताया कि इन पदों पर नियुक्त युवा विशेषज्ञ महिला एवं बाल अपराध सहित अपराध संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण, भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग, सड़क दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का अध्ययन तथा पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे।

इन पदों के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयुसीमा तथा अन्य सभी आवश्यक जानकारी राजस्थान पुलिस की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in/ पर उपलब्ध कराई जा रही है। अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच के बाद लिखित परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों की एक पीडीएफ तैयार कर adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन भी कमरा संख्या-217, द्वितीय तल, पुलिस मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर-302015 पर व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जमा कराए जा सकते हैं।

विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन पुलिस मुख्यालय में प्राप्त होना आवश्यक है। विभाग ने अभ्यर्थियों एवं रुचि रखने वाले लोगों को नियमित रूप से विभागीय वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी है। यदि नोटिफिकेशन में कोई बदलाव किया जाता है तो उसकी जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह भर्ती राजस्थान पुलिस में तकनीक आधारित और विशेषज्ञता केंद्रित पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story