राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक लेंगी एनएसजी में 12 सप्ताह का कमाण्डो प्रशिक्षण
राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक 24 अगस्त से मानेसर में एनएसजी का 12 सप्ताह का गहन कमाण्डो प्रशिक्षण लेंगी।

तस्वीर में पाँचवीं बटालियन आरएसी, घाटगेट जयपुर के प्रांगण में फ्लैग ऑफ समारोह के दौरान आरएसी और एमबीसी कैडर की 25 महिला पुलिस कार्मिक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नजर आ रहे हैं।
राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक अब राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के 12 सप्ताह के गहन कमाण्डो प्रशिक्षण से गुजरेंगी। आरएसी एवं एमबीसी कैडर से चयनित इन महिला पुलिस कार्मिकों का प्रशिक्षण 24 अगस्त 2026 से 13 नवम्बर 2026 तक राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केन्द्र, मानेसर में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पूर्व रविवार को पांचवीं बटालियन आरएसी, घाटगेट जयपुर के प्रांगण में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आर्म्स बटालियन्स राजस्थान श्री रूपेन्द्र सिंघ ने सभी महिला कार्मिकों को ब्रीफ किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड से प्राप्त होने वाले कमाण्डो प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जवानों को प्रशिक्षण के दौरान कड़े अनुशासन, अत्याधुनिक हथियार तकनीक और जीरो एरर की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
एडीजी श्री सिंघ ने कहा कि कमाण्डो प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को ऐसी दक्षता प्रदान करना है, जिससे वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें। उन्होंने “सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा” के मूल मंत्र पर महिला कार्मिकों को ब्रीफ करते हुए उन्हें प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं।
ब्रीफिंग के बाद एडीजी श्री रूपेन्द्र सिंह ने सभी 25 महिला कार्मिकों को राजकीय वाहन से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केन्द्र, मानेसर (हरियाणा) के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक पुलिस आरएसी श्री विनित बंसल तथा चतुर्थ एवं पांचवीं बटालियन आरएसी के कमाण्डेन्ट उपस्थित रहे। 24 अगस्त से शुरू होने वाला यह 12 सप्ताह का प्रशिक्षण महिला पुलिस कार्मिकों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा के लिए आवश्यक कमाण्डो दक्षता और आत्मविश्वास प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
