राजस्थान की सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी मारक क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के स्पष्ट निर्देशों के बाद प्रदेशभर की यातायात और जिला पुलिस की टीमें सड़कों पर मुस्तैद हैं। यातायात महानिदेशक श्री अनिल पालीवाल के नेतृत्व और सतत पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस महा-अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा ने आंकड़ों की पुष्टि करते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत 04 जून 2026 से 24 जून 2026 तक के महज 21 दिनों की समयावधि में पूरे प्रदेश में कुल 1,65,745 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। इस अवधि में वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म के 61,506, वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 23,141 तथा नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 42,045 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, वाहन की संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन के 17,206, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर के 12,987 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के उपयोग के 8,860 चालान काटे गए हैं।

अभियान की तीव्रता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल बुधवार, 24 जून को एक दिन के भीतर राज्यभर में 7,228 चालान एवं प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इसमें वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन के 1,016, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर के 763, प्रेशर हॉर्न के 358, ब्लैक फिल्म के 2,541, अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह के 872 तथा नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट के 1,678 मामले सम्मिलित हैं।

राजधानी जयपुर की स्थिति पर नजर डालें तो जयपुर कमिश्नरेट के यातायात, पूर्व, पश्चिम, उत्तर तथा दक्षिण क्षेत्रों को मिलाकर कुल 800 कार्रवाइयां की गईं, जिसमें जयपुर पश्चिम क्षेत्र सर्वाधिक 421 चालानों के साथ अग्रणी रहा। वहीं, जयपुर ग्रामीण इलाके में 344 वाहनों के विरुद्ध सीज व चालान की कार्रवाई की गई। बुधवार की इस व्यापक जांच में अजमेर जिला 771 कार्रवाइयों के साथ सर्वाधिक सक्रिय रहा। इसके साथ ही सीकर में 623, कोटा शहर में 287, चित्तौड़गढ़ में 263 तथा जालोर में 233 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई, जो जिला पुलिस एवं यातायात इकाइयों की अभियान के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन से ही नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता और जिम्मेदारी से सुनिश्चित होती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन, ब्लैक फिल्म या अनधिकृत हूटर का प्रयोग न करें। यह विशेष अभियान राज्यभर में निरंतर जारी है और सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले प्रत्येक उल्लंघनकर्ता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी अनवरत रूप से जारी रहेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story