राजस्थान में ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर सख्ती, 79 हजार से अधिक चालान जारी
सड़क सुरक्षा के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में ब्लैक फिल्म, मॉडिफिकेशन, अवैध हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।

राजस्थान पुलिस के यातायात कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सड़क पर चेकिंग कर चालान की कार्रवाई की।
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ राज्यभर में बड़ा अभियान चलाया है, जिसमें महज नौ दिनों के भीतर 79,195 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ दर्ज की गई हैं। 4 जून से 12 जून 2026 तक चले इस विशेष अभियान को महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात श्री अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई उन वाहनों पर की गई जिनमें अवैध संशोधन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, फर्जी या नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहन पर अनधिकृत शब्द और चिन्हों का प्रयोग किया गया था। आंकड़ों के अनुसार, कुल 30,644 मामलों में ब्लैक फिल्म के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 20,462 वाहनों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह पाए गए। इसी तरह 10,820 मामलों में अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 7,634 मामलों में अवैध वाहन संरचना परिवर्तन, 5,406 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व हूटर तथा 4,229 मामलों में प्रेशर और एयर हॉर्न के उपयोग पर चालान जारी किए गए।
12 जून 2026 को ही राज्यभर में 8,460 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ दर्ज की गईं, जिनमें 3,193 ब्लैक फिल्म, 2,250 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,086 अनाधिकृत लेखन, 844 वाहन संरचना परिवर्तन, 616 अवैध लाइट/हूटर और 471 प्रेशर व एयर हॉर्न से जुड़े मामले शामिल रहे। इस दिन जयपुर पश्चिम में 490, अजमेर में 385, जयपुर यातायात शाखा में 367, चित्तौड़गढ़ में 349, सवाई माधोपुर में 325, भीलवाड़ा में 320 और कोटा शहर में 302 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट जैसे उल्लंघन न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।
राजस्थान पुलिस ने संकेत दिया है कि 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
