राजस्थान पुलिस का सख्त प्रहार: 10 दिनों में 87 हजार से अधिक नियमों को तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई
राजस्थान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस का महाअभियान जारी है। क्या आपकी गाड़ी भी नियमों के दायरे से बाहर है? 10 दिनों में 87 हजार से अधिक वाहनों पर हुई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट और पुलिस की चेतावनी को जानें।

राजस्थान की सड़कों पर रौब दिखाकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के लिए राजस्थान पुलिस का रुख अब बेहद सख्त हो गया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार, प्रदेशभर में अवैध हूटर-बत्तियां, काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन महाअभियान के तहत पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर 87,945 वाहनों के खिलाफ कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्यवाही की है। इस महाअभियान की निरंतरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल शनिवार को ही पुलिस टीमों ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में नाकेबंदी कर 8,750 वाहनों पर शिकंजा कसा है।
डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के बारे में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी. एल. मीणा ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर वाहनों के शीशों पर लगाई गई काली फिल्म और नियमों के विपरीत नंबर प्लेटों पर पुलिस की सर्वाधिक पैनी नजर है। 4 जून से 13 जून तक चली इस कार्रवाई के आंकड़ों पर गौर करें तो काली फिल्म के साथ 33,918 वाहन, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के साथ 22,630 वाहन, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द और चिन्ह अंकित करने वाले 12,094 वाहन, बॉडी में अवैध बदलाव करने वाले 8,490 वाहन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती व हूटर का प्रयोग करने वाले 6,097 वाहन तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 4,716 वाहनों पर जुर्माना व विधिक कार्यवाही की गई है।
शनिवार के आंकड़ों के अनुसार, पुलिस ने काली फिल्म के खिलाफ 3,274, नंबर प्लेट के उल्लंघन में 2,168, अनाधिकृत लेखन में 1,274, अवैध संरचना परिवर्तन में 856, हूटर व लाइट के दुरुपयोग में 691 और प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर 487 वाहनों को दंडित किया है। एडीजी डॉ. मीणा ने स्पष्ट किया है कि वाहनों पर पद, जाति या संस्था का नाम लिखना और रसूख के लिए हूटर बजाना कानूनन अपराध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की यह सख्त कार्यवाही आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक होगी। उन्होंने वाहन चालकों व मालिकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए कानून सम्मत तरीके से वाहन चलाने की अपील की है ताकि सड़कों पर सुरक्षा का माहौल बना रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
