राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान, 1.92 लाख से अधिक वाहनों पर कार्रवाई
प्रदेश में वीआईपी कल्चर और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए गए 25 दिवसीय विशेष अभियान में ब्लैक फिल्म और अवैध बत्ती लगाने वालों पर कसा शिकंजा।

तस्वीर में राजस्थान यातायात पुलिस के दो अधिकारी सड़क किनारे एक वाहन के खुले दरवाजे के पास खड़े होकर चालक से पूछताछ और कागजातों की जांच करते हुए।
राजस्थान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, वाहनों पर अनाधिकृत रूप से रसूख दिखाने वाले तथा वीआईपी कल्चर को बढ़ावा देने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस यातायात श्री अनिल पालीवाल के सुपरविजन में पूरे प्रदेश में यह व्यापक स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा के अनुसार, दिनांक 4 जून से 28 जून 2026 तक चले 25 दिवसीय इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 1,92,513 वाहनों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि इस दौरान सबसे अधिक 69,786 कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने के मामलों में की गई। इसके अतिरिक्त 48,271 मामलों में नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 26,930 मामलों में वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 21,333 मामलों में वाहनों की संरचना (बॉडी/चैसिस) में अवैध परिवर्तन, 15,863 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर तथा 10,330 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई।
अभियान के अंतर्गत पिछले दो दिनों में भी सघन प्रवर्तन जारी रहा, जिसमें कुल 15,479 कार्रवाई की गई। इनमें 2,283 मामलों में वाहनों की संरचना में अवैध परिवर्तन, 1,608 मामलों में अनाधिकृत लाल/नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर, 851 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न, 4,880 वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म, 2,221 मामलों में अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन तथा 3,636 मामलों में नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह शामिल हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. मीणा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन अथवा अनाधिकृत उपकरणों का प्रयोग न करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में राजस्थान पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
