राजस्थान पुलिस का यातायात प्रवर्तन अभियान: नियम तोड़ने वाले 4,869 वाहनों पर कार्रवाई
राजस्थान में 30 जून तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत काली फिल्म, अवैध नंबर प्लेट और मॉडिफाइड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू की गई है।

राजस्थान में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम। राज्य पुलिस द्वारा 30 जून 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है।
राजस्थान में सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा 30 जून 2026 तक एक विशेष सघन प्रवर्तन अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसके तहत मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के क्रम में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में पूरे प्रदेश में जारी इस अभियान के शुरुआती तीन दिनों में वाहन चालकों एवं स्वामियों को जागरूक करने का कार्य किया गया, जिसके उपरांत अब नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभियान के पहले ही दिन राज्यभर में छह प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत कुल 4,869 वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए वाहनों में 2,246 वाहन काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगे होने के कारण चिन्हित किए गए, जबकि 1,372 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह प्रदर्शित करते पाए गए। इसी प्रकार, 512 वाहन अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (मॉडिफिकेशन) के दोषी पाए गए, 313 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन प्रदर्शित मिले, 214 वाहनों पर अवैध लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर का उपयोग पाया गया तथा 212 वाहन प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न का उपयोग करते हुए पकड़े गए।
एडीजी बीएल मीणा ने इस विषय पर स्पष्ट किया है कि वाहनों में अवैध परिवर्तन, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत बत्तियां एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न केवल कानून का सीधा उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। उन्होंने बल देकर कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति विभाग की नीति 'शून्य सहनशीलता' (जीरो टॉलरेंस) की है और इन मामलों में पूरे जून माह के दौरान लगातार विशेष जांच एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के प्रथम दिन अधिकांश जिलों में प्रभावी कार्रवाई देखी गई है, वहीं पुलिस मुख्यालय ने उन जिलों को विशेष निर्देश जारी किए हैं जहां प्रवर्तन की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है, ताकि प्रदेशभर में नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और आमजन के लिए सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
