सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह को संबोधित करेंगे। प्रदेश के सभी पुलिस थानों में शाम 5:30 बजे से बिग स्क्रीन पर परेड का प्रसारण होगा, जिसे प्रदेशवासी पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर देख सकेंगे।

इस आयोजन में पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिकों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, युवा क्लब, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्यों और पुलिस मित्रों की भागीदारी रहेगी। पुलिसकर्मियों के परिवार, पुलिस प्रशिक्षु और आरएसी बटालियनों के जवान भी समारोह के प्रसारण में शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य आमजन को पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से परिचित कराना है। इसके साथ ही पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार सुबह केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी पुलिस महानिदेशकों को दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के प्रसारण से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी तक के अधिकारी पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों और आमंत्रित लोगों के साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय आयोजन और उसमें शामिल होने वाले लोगों की सहभागिता की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य देश के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों को राष्ट्र के सामने लाना है। इस आयोजन के माध्यम से पुलिस बलों के योगदान को आमजन तक पहुंचाने और पुलिस तथा नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को आयोजन के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एडीजीपी वीके सिंह, एडीजीपी रूपिंदर सिंघ, एडीजीपी लता मनोज कुमार, एडीजीपी प्रफुल्ल कुमार और एडीजीपी राघवेंद्र सुहासा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

31 अक्टूबर को होने वाला यह आयोजन राजस्थान के सभी पुलिस थानों को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह से जोड़ेगा। बिग स्क्रीन पर होने वाले सीधे प्रसारण में पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी के जरिए पुलिस के योगदान को सामने लाने तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित रहेगा।

Next Story