राजस्थान में पुलिस थानों की स्वच्छता और बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत थाना परिसरों से लेकर मालखानों और पुलिस बैरकों तक साफ-सफाई कराई जाएगी। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस थानों को जिला पुलिस, रेंज और पुलिस मुख्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। खास बात यह है कि पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी हर महीने सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर उसे सम्मानित किया जाएगा, ताकि स्वच्छता नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनी रहे।

इस संबंध में शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह सचिव श्री गोविंद मोहन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें राजस्थान के महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के बाद डीजीपी श्री शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस रेंज के महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों और डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्र के सभी पुलिस थानों में स्वच्छता अभियान चलाने के लिए कहा।

अभियान के तहत पुलिस थाना परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापक साफ-सफाई कराई जाएगी। स्वच्छता कार्य शुरू होने से पहले ड्रोन के माध्यम से फोटो और वीडियोग्राफी कराकर उसकी रिकॉर्डिंग पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी। पखवाड़े के दौरान सफाई और अन्य सुधार कार्य पूरे होने के बाद दोबारा ड्रोन से फोटो और वीडियोग्राफी कराकर स्थिति की जानकारी देनी होगी। इससे अभियान शुरू होने से पहले और उसके बाद थानों में स्वच्छता की स्थिति का तुलनात्मक आकलन किया जा सकेगा।

डीजीपी श्री शर्मा ने थानों के मालखानों में रखी सामग्री और जब्त वाहनों के नियमानुसार शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वागत कक्ष तैयार करने, डिजिटल इंफॉर्मेशन बोर्ड स्थापित करने, पुलिस बैरकों की सफाई, थाना परिसर की स्वच्छता और रंग-रोगन जैसे कार्य भी कराए जाएंगे। इस तरह अभियान में केवल सफाई ही नहीं, बल्कि पुलिस थानों की बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा।

स्वच्छता अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों को तीन स्तरों पर पुरस्कृत किया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक अपने जिले के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर उसे सम्मानित करेंगे। रेंज स्तर पर पुलिस महानिरीक्षक और राज्य स्तर पर पुलिस मुख्यालय उत्कृष्ट थाने को पुरस्कार देगा। पखवाड़े के बाद हर महीने सर्वश्रेष्ठ थाने को पुरस्कृत करने की व्यवस्था से स्वच्छता के प्रयासों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया गया है।

बैठक में उप महानिरीक्षक पुलिस श्री कुंवर राष्ट्रदीप और श्री आलोक श्रीवास्तव सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राजस्थान के सभी पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में ड्रोन से पहले और बाद की स्थिति का आकलन, मालखानों और जब्त वाहनों का नियमानुसार निस्तारण तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार प्रमुख रूप से शामिल हैं।

Next Story