राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान: 2 लाख से अधिक वाहनों पर की कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन और वीआईपी संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए 26 दिवसीय विशेष अभियान के आंकड़े जारी।

जयपुर। राजस्थान में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, वीआईपी संस्कृति पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी कठोरता के साथ संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा ने अवगत कराया कि यह व्यापक अभियान महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशों एवं महानिदेशक पुलिस (यातायात) श्री अनिल पालीवाल के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में प्रदेशव्यापी स्तर पर क्रियान्वित है। इस 26 दिवसीय अभियान के अंतर्गत, जो 4 जून से 29 जून 2026 तक संचालित हुआ, राजस्थान पुलिस ने रिकॉर्ड 2,00,925 वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की है।
अभियान की तीव्रता का आकलन इस तथ्य से किया जा सकता है कि केवल 29 जून को ही प्रदेशभर में जिला स्तर पर चलाए गए विशेष प्रवर्तन में कुल 8,412 वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। इसमें 2,867 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 1,747 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 1,368 वाहनों पर नियम विरुद्ध शब्द एवं चिन्ह, 1,231 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 748 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 451 प्रेशर हॉर्न के मामले सम्मिलित हैं।
29 जून की दैनिक कार्रवाई में अजमेर जिला 721 प्रकरणों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। वहीं, जयपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत चारों जिलों और यातायात पुलिस द्वारा सम्मिलित रूप से 2032 कार्रवाई की गई, जिसमें जयपुर पश्चिम द्वारा 1000 एवं जयपुर पूर्व द्वारा 753 मामलों में कार्यवाही शामिल है। अन्य जिलों में सीकर में 582, जयपुर ग्रामीण में 536, झुंझुनूं में 523 तथा दौसा में 296 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई संपन्न की गई।
गत 26 दिनों के संपूर्ण अभियान अवधि में पुलिस ने 72,653 वाहनों पर लगी काली फिल्म, 50,018 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 28,298 वाहनों पर अनाधिकृत लेखन, 22,564 वाहनों में बॉडी एवं चेसिस का अवैध परिवर्तन, 16,611 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर तथा 10,781 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस डॉ. मीणा ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराने के दृष्टिगत यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा एवं विधिक कार्रवाई से बचने हेतु यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
