राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा उप निरीक्षक (दूरसंचार) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के साक्षात्कार के बाद सफल घोषित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची पुलिस विभाग को प्राप्त होने के साथ ही भर्ती की अग्रिम प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्थाई रूप से चयन हेतु प्रस्तावित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

पुलिस उप महानिरीक्षक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) मनोज कुमार ने बताया कि सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 12 अक्टूबर तथा 13 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर पुलिस मुख्यालय, नेहरू सहकार भवन के पास, जयपुर के भू-तल स्थित कमरा नंबर 820 में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने दस्तावेज जमा कराने होंगे।

सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं, 12वीं तथा स्नातक आदि की मूल अंकतालिकाएं व प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। इसके अलावा मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा संतान संबंधी घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों को भूतपूर्व सैनिक डिस्चार्ज प्रमाण पत्र, विधवा/परित्यक्ता प्रमाण पत्र तथा पूर्व से कार्यरत कर्मियों के लिए विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।

अभ्यर्थियों को कम से कम 02 फोटोयुक्त पहचान पत्र भी अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्व-प्रमाणित प्रतियां और अटेस्टेशन फॉर्म तीन प्रतियों में पूर्ण भरकर लाना अनिवार्य है।

डीआईजी मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों का परिणाम आरपीएससी द्वारा प्रोविजनल या कण्डीशनल जारी किया गया है, उन्हें सूची में अपने नाम के सम्मुख अंकित अतिरिक्त वांछित दस्तावेज भी अनिवार्य रूप से जमा कराने होंगे।

अस्थाई रूप से चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची, अटेस्टेशन फॉर्म का प्रारूप और विस्तृत दिशा-निर्देश राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट www.police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से कोई पत्राचार या व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी। ऐसे में सूची में शामिल अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तिथियों पर पुलिस मुख्यालय में मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना भर्ती प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण है।

Next Story