उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर भर्ती-2025: जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी PET, जल्द जारी होंगे प्रवेश-पत्र
राजस्थान उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर भर्ती-2025 की PET जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी। प्रवेश-पत्र जल्द जारी होंगे, अभ्यर्थियों के लिए अहम निर्देश भी जारी किए गए हैं।

उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test-PET) जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, राजस्थान, जयपुर के श्री मनोज कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि इसका परिणाम 19 जून 2026 को घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड द्वारा जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर एवं अजमेर रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी।
श्री मनोज कुमार ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थी महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थायी आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी सुनिश्चित करें। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रवेश-पत्र तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं अन्य आवश्यक निर्देश राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://www.police.rajasthan.gov.in तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर की वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर समय-समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उप महानिरीक्षक पुलिस श्री मनोज कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए नियमित रूप से राजस्थान पुलिस एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के संबंध में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा जारी विज्ञप्तियों एवं वेबसाइट पर प्रदर्शित सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखनी होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
