ब्यावर में राजस्थान पुलिस एसआई और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा संपन्न
आरपीएससी द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 11 केंद्रों पर दो दिनों तक चली, प्रशासन ने नकल रोकने के लिए उडन दस्ते तैनात किए।

ब्यावर के परीक्षा केंद्र पर राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान सघन जांच करते पुलिस दल और तैनात प्रशासनिक अधिकारी।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। राज.लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज.पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 रविवार व सोमवार को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण व निर्विघ्न सम्पन्न हुई।
परीक्षा केंद्रों का विवरण और समय सारणी
परीक्षा के लिये बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सत्यम पॉलिटेक्निक कॉलेज, मंगल न्यूटन स्कूल व राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय समेत कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित हुई। प्रथम पारी प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक व द्वितीय पारी अपरान्ह 3 बजे से सायं 5 बजे संपन्न हुई।
अभ्यर्थियों की उपस्थिति
रविवार को 6724 परीक्षार्थियों में से 4559 अभ्यर्थी व सोमवार को 6724 अभ्यर्थियों में से 4426 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के व्यवस्थित व सफल संचालन हेतु जिला कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया।
प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी
परीक्षा समन्वयक एवं अति.जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अति. पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र कुमार शर्मा, वृत्ताधिकारी राजेश कुमार कसाना, जैतारण वृत्ताधिकारी सतेन्द्र सिंह नेगी, साकेत नगर थानाधिकारी जयपाल सिंह जैतावत, सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांङे व सदर थानाधिकारी गजराज चौधरी ने परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। पारदर्शिता, शुचिता व नकल रोकथाम हेतु दो उड़न दस्ते गठित किये गये। दस्ते में एक आरपीएस, एक आरएएस एवं जिला शिक्षा अधिकारी को शामिल किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच पुलिस दल, केंद्र अधीक्षक एवं उड़न दस्ते द्वारा की गई। राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 का समापन शांतिपूर्ण रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
